Saturday, 27 August 2022

Chapter - 8

  

 

 

अध्याय – ८

भुतहा घर

“थैंक्यू रॉनी, तुम्हारी बदौलत आज मुझे प्यारे-प्यारे भुने हुए आलू मिल रहे हैं,” डग्लस ने एक और चमकता आलू लेते हुए कहा.

“चलो भी, डग. जैसे कि मैं कभी भुने हुए आलू बनाती ही नहीं हूँ. लो, रॉनी कुछ और लो.” डॅलिया ने बाउल उसकी तरफ बढाते हुए कहा.

“तुम्हारी मम्मा ने कुछ देर पहले फोन किया था. वे ब्लूम्सबरी के पास पहुंच रहे हैं और आधे घंटे में यहाँ पहुँच जायेंगे. मैंने उससे कह दिया है कि तुम हमारे साथ डिनर कर रहे हो.”

रॉनी ने एक और भुना हुआ आलू और दो पकौड़े लिए.

“बहुत मजेदार है, आंटी. मेरे लिए इतना काफी है. आव! मेरा पेट भर गया. बिलकुल गले-गले तक.” वह उठ गया और अपनी प्लेट लेकर वाश-एरिया की और गया.

“तो, क्या खबर है रॉनी? क्या तुमने प्रकृति-प्रेमी से फिर कुछ सुना? क्या तुम इन गर्मियों में भी कोई जंगल देखने जा रहे हो?

डग्लस ने ठन्डे पानी का घूँट पीकर नैप्किन से अपना मुँह पोंछा.

रॉनी ने अल्विया की और देखा और मुस्कुराया. वह डग्लस की और मुड़कर बोला,
“अंकल. मैं और अल्वी आपको और आंटी को बहुत दिलचस्प कहानी सुनाने जा रहे हैं. मुझे यकीन है कि आप दोनों को अचरज होगा
, आप शायद चौंक भी जाएँ.”

डग्लस ने डॅलिया की ओर देखा और भंवें चढ़ा लीं.

“बेशक, तुम दोनों किसी और बात के पीछे तो नहीं हो? डॅलिया, ग्रौज़र और मार्था को सीधे यहीं आने के लिए कहो,” उसने कहा और सबको ड्राईंग रूम में ले गया.

उसने सामने का दरवाज़ा खुला रखा और रॉनी के पास बैठ गया. डॅलिया ने सोचा कि मेज़ बाद में साफ़ करेगी, और उनके पास आ गई. अल्विया डग्लस के पास कुर्सी पर बैठ गई.

रॉनी अल्विया की और देखकर मुस्कुराया और फिर डग्लस की और मुड गया.  

“हाँ, अंकल. किसी बात की तलाश में नहीं, बल्कि हमने अपनी खोज=बीन सिर्फ चार दिनों में पूरी कर ली है. हम आपको उसके बारे में बताएँगे.”

कदमों की आहट सुनाई दी और मार्था के साथ ग्रौज़र अन्दर आये.

डॅलिया उनका स्वागत करने के लिए उठी और उन्हें आराम से बिठाया.

“आपका बेटा एक और रोमांचक किस्सा सुनाने जा रहा है, मार्था. अच्छा हुआ कि आप ठीक वक्त पर पहुँच गए. क्या तुमने कुछ खाया है? आप लोगों को भूख लगी होगी.”

मार्था और ग्रौज़र बैठ गए और ग्रौज़र ने कहा,

“हम ठीक है, मार्था. हमने एक दोस्त के घर काफी खा-पी लिया, और सोचा कि सिर्फ पॉरिज खाकर सो जायेंगे. तो, रॉनी, तुम और अल्विया क्या करते रहे?”   

माता-पिता को जानने की उत्सुकता थी कि हुआ क्या था.

रॉनी ने ऐसा दिखाने की कोशिश की मानो वह बहुत महत्त्वपूर्ण हो और फिर उसने ऐलान किया –

“वह ‘भुतहा मकान’ बिलकुल भी भुतहा नहीं है, उसे जाली नोट छापने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है. डरावनी आवाजें कैसेट में रेकॉर्ड की गई थीं, जिससे उत्सुक लोग दूर रहें.”

 रॉनी की बात सुनकर चारों स्तब्ध रह गए.

वे एक दूसरे की तरफ देखने लगे.

किसी ने भी एक भी शब्द नहीं कहा. वे रॉनी के आगे बताने का इंतज़ार करने लगे.

रॉनी ने आगे बताई मिस्टर विल्सन के ‘ज़ूम किये गए फोटो से, उसका उनसे सामना होने की बात और स्क्विगी द्वारा वहाँ से लाये गए कैसेट को सुनने के बाद ‘भुतहे घर में जाने तक का किस्सा.

उसने पोर्टेबल नोट छापने की मशीन के बारे में बताया, उसने हर चीज़ के बारे में बताया जो उसने वहाँ देखी थी.

वह रुका और उसने अल्विया को आगे जारी रखने के लिए कहा.

उसने अपनी खोज-बीन के बारे में बताया.

“जब रॉनी ने मुझे मिस्टर विल्सन का फोटो दिखाया, तो मैं कुछ परेशान हो गई. उसके तीन दिनों के लिए बाहर जाने और जेनी की तबियत कुछ खराब होने की वजह से मैं उसके कमरे को अच्छी तरह तलाशती रही.

बाद में जब आपने (डग्लस की ओर देखते हुए) रिचर्ड और विल्सन के बीच कुछ समानता होने के बारे में कहा, तो मुझे यकीन हो गया. मम्मा ने ऐनी और चार्लेट के बारे में बताया.

तो, सिर्फ रिचर्ड ने अपना नाम बदला था. हम दोनों ने अंकल थॉमस से मिलकर उन्हें फोटोग्राफ्स दिखाने और जो कुछ भी हुआ था, उसके बारे में बताने का फैसला किया. अब तक तो उन्होंने  इन्स्पेक्टर जार्डिन को पूरे मामले से अवगत करा दिया होगा. वह नए इन्स्पेक्टर को नहीं जानते हैं, और हमें यकीन नहीं था कि यहाँ पुलिस स्टेशन में ‘जासूस’ नहीं हैं. हर बात के बारे में सोचना पड़ता है. हम कोई खतरा नहीं मोल ले सकते. तो, ये है सारी बात.”

चारों अचरज और गर्व से बच्चों की ओर देख रहे थे.

“तो, अब क्या होगा?” ग्रौज़र ने पूछा.

“मैं आपको बताऊँगा, मिस्टर ग्रौज़र,” मिस्टर थॉमस ने अन्दर आते हुए कहा.                        

 वे सब थॉमस को देखकर बहुत खुश हो गए.

“उम्मीद है कि मैं दखल नहीं दे रहा हूँ, मिस्टर डग्लस,” वे मुस्कुराते हुए बैठ गए. बच्चों की तरफ देखते हुए उन्होंने आगे कहा:

“हाँ, रॉनी और अल्विया, मैंने मेल से तस्वीरें जार्डिन को भेज दीं और उससे बात भी की. उसे बेहद ताज्जुब हुआ कि तुम दोनों ने एक और गैरकानूनी कारोबार का पर्दाफ़ाश किया है. वह इन जाली नोटों के छापने वालों को ढूँढने की कोशिश कर रहा है – ब्रिटेन में उनकी संख्या काफी है. उसने बताया, मगर वह अब तक दोषियों को पकड़ नहीं पाया है. उसने अभी मेरे यहाँ आने से पहले ही दुबारा फोन किया. उसने मिस्टर सेबस्टाइन को सूचित किया है, जो कल सुबह विल्सन और फ़्रेन्कोइज़ को गिरफ्तार करेंगे. जार्डिन कल सुबह, जितनी जल्दी हो सके, यहाँ पहुंचेगा और उस भुतहे मकान में घुस जाएगा...कई सालों के खौफ को ख़त्म करेगा.”

“आप और जार्डिन ब्रेकफास्ट के लिए क्यों नहीं आ जाते, थॉमस? फिर आप उस घर की तरफ जा सकते हैं,” डॅलिया ने पूछा.

ये तय किया गया कि वे सुबह साढ़े सात बजे डग्लस के घर पर मिलेंगे.

इन्स्पेक्टर जार्डिन और थॉमस, कुछ पुलिस अफसरों और ब्लूम्सबरी पुलिस स्टेशन के इन्स्पेक्टर के साथ पहले विल्सन के घर जायेंगे और उचित सबूत इकट्ठा करके उसके कमरे को सील कर देंगे. उन्हें ये सारे सबूत मिस्टर सेबस्टाइन को सौंपने होंगे.

अल्विया जेनी को वह सब बतायेगी जो हुआ था.

उसके बाद वे भुतहे मकान का ताला तोड देंगे. मतलब, बिलकुल ताला तो नहीं तोड़ेंगे, क्योंकि रॉनी ने एक खुले हुए दरवाज़े का पता लगाया था, उसी से भीतर घुसेंगे.

अपना प्लान बताकर थॉमस अपने घर चले गए, यह वादा करके कि अगली सुबह अपने साथ जार्डिन को लायेंगे.         

“ये खतरनाक बात थी,  रॉनी – भुतहे घर में घुसना! मैं तो चाहता कि कोई मेरे साथ होता,” ग्रौज़र ने कहा, मगर अपने बेटे पर उन्हें गर्व था.

“ऐसा है, ग्रौज़र, उसे पता चला कि उस जगह पर भूत-वूत कुछ नहीं है. वह इंतज़ार न कर सका...बहादुर बच्चा,” डग्लस ने कहा.

“हाँ, पापा,” रॉनी ने कहा, “अगर मैंने मिस्टर विल्सन को पहचाना न होता तो मुझे दर लग सकता था. स्क्विगी का वह कैसेट लाना लाजवाब कारनामा था!”

“और, जेनी के रूप में अल्विया को एक दोस्त मिल गई थी और इसका भी फ़ायदा हुआ,” मार्था ने बच्ची की पीठ थपथपाते हुए कहा.

“हाँ, मार्था आन्टी. और जेनी के सो जाने से मेरे लिए मैदान साफ हो गया. मगर, मैं कितना घबरा गई थी! अब मुझे मिस्टर विल्सन की मेज़ पर मौजूद बण्डल का कारण समझ में आया. वे ज़रूर पॉलिमर शीट्स होंगी.”

“खैर, कल तुम्हारे लिए एक उत्तेजनापूर्ण दिन होगा... बेहतर है कि अब सो जाओ, बच्चों,” डग्लस ने कहा.

रॉनी घर के लिए निकला और ग्रौज़र ने उससे कहा,” तुम कुछ देर सो जाओ रॉनी, हम दोनों आधे घंटे में आते हैं.”

अल्विया ने उन्हें ‘गुड नाईट कहा और अपने कमरे में चली गई अपनी किताब के लिए.                  

“आह! ये बच्चे,”  मार्था ने चिंता से और कुछ गर्व से कहा.

“ये बड़े आश्चर्य की बात है,” डग्लस ने कहा, “कि उन दोनों ने मिलकर जाली नोटों का ‘केस’ सुलझा लिया. हमें उनकी तारीफ़ करनी हूँ होगी.”

“मगर डग, ये खतरनाक था. और ये छोटा सा बच्चा उस घर में घुस गया...” डॅलिया की आवाज़ आई.

“आ..! अब वह छोटा नहीं रहा, डॅलिया डियर. बच्चो के खून में ही साहस है. फिर इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह लड़का है या लड़की.” डग्लस ने कहा.

“तुम्हें यकीन नहीं होगा, मगर मैंने कल रात अल्विया के कमरे में रात के साढे ग्यारह बजे के बाद भी लाईट देखी.वह लिख रही है. शायद कोई किताब हो.” डॅलिया ने कहा.

“शायद यह उसका पहला उपन्यास हो, कोई थ्रिलर. आखिर इन बच्चों ने अब तक पाँच केसेज़ सुलझा लिए हैं,” मार्था ने कहा.

“मैं उसे सबसे पहले पढ़ना चाहूंगी. चलो, मार्था, आज का दिन काफी थकाने वाला रहा, अब मैं सो जाता हूँ,” ग्रौज़र ने कहा और वे दोनों निकल गए.

No comments:

Post a Comment

सुनहरा अंडा - सम्पूर्ण

  सुनहरा अंडा       लेखिका उषा सूर्या         अंग्रेज़ी से अनुवाद आ. चारुमति रामदास                    ...