Thursday, 27 November 2025

दो चहरे - complete

 

दो चेहरे

 

लेखिका

उषा सूर्या  

 

 

 

अंग्रेज़ी से अनुवाद

आ. चारुमति रामदास

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

उषा सूर्या के उपन्यास “The Two Faces” का हिन्दी अनुवाद

                                                 The Two Faces@ उषा सूर्या                                

अनुवाद @ आ. चारुमति रामदास, २०२२

आवरण चित्र@ वन्दना आकेल्ला   

 

 

 

 

 

 

 

 

अध्याय १

रॉनी को दाल में काला नज़र आता है

 

 “लगता है, तुम किसी बात के पीछे पड़े हुए हो, रॉनी. लगता है, मेरी ग़ैरहाज़िरी में बहुत कुछ हो गया है.” अल्विया ने घास से एक डेजी का फूल तोड़ते हुए कहा.

रॉनी और अल्विया एक पहाडी की ढलान पर बैठे थे, जो ब्लूम्सबरी को बगल वाले गाँव से अलग करती थी.   

ईस्टर की छुट्टियां थीं और अल्विया एक हफ्ते के लिए अपने चचेरे भाई-बहनों से मिलने लन्दन गई थी.  

और इस दौरान उसे छोटे-से उनींदे गाँव में बहुत कुछ हो गया था.

“क्या तुझे वह खाली घर याद है, यहाँ से करीब एक मील दूर, जिसे भुतहा घर कहते हैं?” रॉनी ने अल्विया से पूछा. 

“हाँ, करीब सोलह साल पहले कोई परिवार इसे छोड़कर चला गया था. उस समय मेरे मम्मा-पापा यहाँ आये ही थे. मम्मा ने बताया था, कि वह एक-दो बार उस घर की महिला से मिली भी थी. उनकी एक बहुत प्यारी बेटी थी और एक दिन वे अचानक गायब हो गए. बस यूँ ही, सब कुछ छोड़-छाड़कर. मम्मा ने कहा था, कि पूरा ब्लूम्सबरी कई महीनों तक इस बारे में बात करता रहा था. फिर सब लोग उनके बारे में भूल गए और चूंकि घर पहाडी की तलहटी में था, उसके चारों और पेड़-पौधे बढ़ गए.”

“हाँ. और लोग कहते थे कि वहाँ से रात को डरावनी आवाजें सुनाई देती हैं. कोई भी उस घर के पास नहीं जाता,” रॉनी ने कहा. “कम से कम पिछले हफ्ते तक वहाँ कोई नहीं गया था.”

अल्विया ने सवालिया नज़र से उसकी और देखा.

“पता है, अल्विया, मैं पापा से ऐसे लोगों के बारे में पूछ रहा था जो बिना कोई सुराग छोड़े अपने घर छोड़कर चले जाते हैं. उन्होंने बताया कि एक सर्वे के अनुसार सिर्फ इन्ग्लैंड में ही करीब दो लाख घर खाली पड़े हैं... मोटे तौर पर...उन्हें सही संख्या तो मालूम नहीं है. ज़्यादा भी हो सकते हैं. लोग दिवालिया हो जाते हैं और इन जगहों का रख-रखाव नहीं कर पाते; हो सकता है कि उन पर बहुत क़र्ज़ हो गया हो और इसलिए वे गायब हो गए; कभी-कभी प्रकृति भी तांडव करती है और लोग गुम हो जाते हैं. कारण तो अनेक हैं, उन्होंने कहा. हालांकि कुछ घरों को सरकार ने ले लिया और उनका इस्तेमाल “रैन-बसेरे” की तरह किया जा रहा है, मगर ऐसे कई उपेक्षित घरों की और कोई ध्यान नहीं दिया गया, क्योंकि मरम्मत करने का खर्च, बिजली की नई फिटिंग का खर्च और पानी का कनेक्शन देना वाकई में सिर दर्द है!

मेरा ख़याल है कि अगर कोई लेने वाला न हो तो घर टूट-फूट जाते हैं. मगर ये वाला तो खतरनाक है, अल्विया. कम से कम मैं तो ऐसा ही सोचता हूँ.”

“चल, रॉनी. यहाँ हमारी बातें सुनने वाला कोई नहीं है. तुम मुझे बता सकते हो कि क्या हुआ था.” अल्विया ने एक दिलचस्प कहानी सुनने के लिए खुद को तैयार किया.     

“अच्छा. ये सब उसी दिन हुआ जब तुम गईं थीं. याद है, मेरे स्कूल में फुटबॉल मैच था? तो, हमारी टीम जीत गई और हम लड़के कुछ देर बैठकर बातें करते रहे. जब मैं घर के लिए निकला तो अन्धेरा होने लगा था. रास्ते में मैं विलियम के घर गया, साऊथ अमेरिका के जंगलों के साँपों के बारे में एक किताब लेने, जो उसने हाल ही में खरीदी है और वापस आते हुए मैंने दूर पर इस घर की आकृति को देखा. मैंने सोचा कि उसकी एक अच्छी फोटो निकल सकती है...मैंने साइकिल पार्क कर दी और कैमरे को ज़ूम किया. घर के पास लगे बीच वृक्ष के ऊपर कुछ चमगादड उड रहे थे. मैं दावे के साथ कह सकता हूँ कि मैंने टोपी पहने हुए एक आदमी को घर की पगडंडी पर ओझल होते हुए देखा, जो थोड़ी बहुत साफ़ थी. मैंने कुछ देर इंतज़ार किया और फिर हल्की-हल्की डरावनी आवाजें आने लगीं. मैं अपनी बाईक पर बैठ कर भागा. मगर मैं बड़ी देर तक सो न सका. मैंने उठकर वह चित्र  कम्प्यूटर पर ‘अपलोड किया. जब मैंने उसे ज़ूम किया तो मैंने टोपी वाले आदमी का सिर देखा. चूंकि वहाँ अन्धेरा था, मैं रंग नहीं देख पाया. मगर मैंने उसे वहाँ गायब होते हुए देखा. जल्दी ही, आवाजें आने लगीं. मेरा कुतूहल जाग उठा.”                

अल्विया ने कहा, “वाकई में बहुत दिलचस्प है! कहते रहो, रॉनी! मैं बेताब हूँ.”

“अगले दिन सुबह मैंने जल्दी नाश्ता किया, मम्मा विलियम के घर जाने वाली थी, उनके घर में नए जन्मे बच्चे की माप लेने...पता है, वे उस बच्चे के लिए कपडे बना रही हैं.

पापा करीब चालीस मील दूर के किसी गाँव में गए थे – एक गाय को देखने, जिसने हाल ही में बछड़े को जना था. मैं इस घर की तरफ आया, स्क्विगी को अपने साथ लिया. ये मुश्किल था. चारों और पौधे बेतरतीबी से बढे हुए थे, जिन्होंने प्रवेश द्वार और खिड़कियों को ढांक दिया था, मगर ऐसा लग रहा था कि किसी ने पीछे की तरफ़ एक छोटा-सा रास्ता साफ़ किया था. बेलों के पीछे छुपे हुए पिछले  दरवाज़े पर ताला लगा था. मैंने घर का चक्कर लगाया तो देखा कि बगल के किनारे वाली एक जालीदार खिड़की खुली हुई थी और स्क्विगी उसके ऊपर कूदकर ओझल हो गया. वह कुछ ऊंचाई पर थी. मैंने कुछ देर इंतज़ार किया और फिर सोचा कि चलता रहूँ, क्योंकि वह वापस आने का रास्ता ढूंढ ही लेगा.     रास्ते के बिलकुल पास मुझे ये पतिंगा दिखाई दिया, जिसके हरियाली लिए हुए चमकीले पंख थे और मैंने अपनी ‘मैग्निफाइंग ग्लास’ निकाल कर उसे देखा. मेरा ख़याल है कि वह ज़ख़्मी था और उड़ने की कोशिश भी नहीं कर रहा था.

फिर मैंने एक कर्कश आवाज़ सूनी और मैं चौंक गया.

मैंने सिर उठाया और देखा कि वह टोपी वाला आदमी मुझसे पूछ रहा था,

“ऐ लडके, तुम यहाँ क्या कर रहे हो? क्या तुम्हें पता नहीं है कि यह भुतहा घर है और लोग इसके पास भी नहीं आते हैं. तुम यहाँ कैसे आये?

हालांकि मुझे यकीन था कि ये उसी आदमी जैसा दिखाई दे रहा था जिसे मैंने कल अपने कैमरे में कैद किया था, मगर मैंने किसी भी तरह के भाव प्रकट नहीं किये. मैंने गौर किया कि उस आदमी की कमीज़ और पतलून पर कुछ मकड़-जाले चिपके थे. ज़ाहिर था कि वह घर के भीतर से आ रहा था. 

मैंने बड़ी नम्रता से उससे कहा, “ महाशय , मुझे पता है कि ये घर भुतहा है. मैं कभी भी उस तरफ नहीं जाता...मगर ये पतिंगा उस दिशा में उड रहा था और चूंकि मुझे इन कीटकों में दिलचस्पी है, मैं बस ये देखने के लिए चला आया कि ये कौन सा कीटक है. इसकी हलचल रुक गई है और मैं बस, इसे देख रहा हूँ. शायद ये ज़ख़्मी हो गया है. मैं इसे अपने रूमाल में रख लेता हूँ और चला जाऊंगा. ओफ़! वहाँ जाना...ज़रा सोचो...मैं ऐसा कभी नहीं करूंगा! मुझे भूतों से डर लगता है.” 

वह मेरे जवाब से बहुत खुश नज़र आया और उसने मुझे वापस जाने के लिए कहा, मैं चल पडा. दो-तीन मिनट बाद मैंने देखा कि स्क्विगी अपने मुँह में कुछ दबाये, भागता हुआ मेरी तरफ आ रहा है. ये एक कैसेट था. मैंने कैसेट को जेब में रख लिया और घर चला आया.

क्योंकि घर में कोई नहीं था, इसलिए मैंने ‘सेलार से पुराना कैसेट-प्लेयर निकाला...हाँ, आजकल तो हम सिर्फ सी.डी. ही सुनते हैं ना, मगर पापा ने न जाने क्यों इस प्लेयर को, जिसके साथ रेडिओ था, संभाल कर रखा था. हाँलाकि हम इसका इस्तेमाल बिलकुल भी नहीं करते, मगर फिर भी वह ‘सेलार में पडा है.

मैंने कैसेट चलाया. ये उन्हीं डरावनी आवाजों की रेकोर्डिंग थी, जिन्हें मैं सुन चुका था. अब मैं उन्हें साफ़-साफ़ सुन सकता था.

अल्विया, मेरा ख़याल है कि वहाँ कोई गड़बड़-घोटाला चल रहा है जिसके बारे में हमें पता लगाना होगा.”

बूंदा बांदी होने लगी थी और वे दोंनो भुतहे मकान के बारे में सोचते हुए अपने-अपने घर चले गए.             

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अध्याय 

रॉनी फोटो निकालता है

रॉनी के पापा, ग्रौज़र, करीब पचास मील दूर स्थित माउसहोल गांव जाने के लिए बस पकड़ने वाले थे, जहाँ वे फिर से गाय और उसके नवजात बछड़े को देखना चाहते थे, जिन्हें खरीदने का उन्होंने फैसला कर लिया था. रास्ता, शायद बहुत अच्छा नहीं था, और उन्हें अपनी कार के टायर्स को खराब नहीं करना था. पिछली रात भारी बारिश हुई थी, हालांकि सुबह सूरज मुस्कुराते हुए निकला था.

बस-अड्डा ग्रौज़र के घर से ज़्यादा दूर नहीं था, रॉनी अपनी बायसिकल को धकेलते हुए पापा के साथ चल रहा था.

“रॉनी, मेरे बच्चे, अगर सब कुछ ठीक-ठाक हो गया, तो मैं शाम तक लौट आऊँगा. कहते हैं कि गाय बहुत तंदुरुस्त है. हर रोज़ करीब तीस से चालीस लिटर्स दूध देती है, क्योंकि ये स्तन-पान का प्रमुख काल है, ऐसा मैंने सुना है. करीब दो महीने में यह पच्चीस लिटर्स तक आ जाएगा, मगर फिर भी इसे खरीदने में फ़ायदा है. हमारी दो गायें बूढ़ी हो रही हैं, उनका दूध देने का काल कम हो गया है और मैं सोचता हूँ कि इसे खरीदना फायदेमंद होगा. उस किसान के पास कई सारे गायें और पोल्ट्री है और वह इसे बेचना चाहता है. देखता हूँ कि मैं इसे अपने भाव पर खरीद सकता हूँ या नहीं.”  

ग्रौज़र रॉनी को अपनी इस यात्रा का महत्त्व समझा रहे थे.            

जब वे बस में चढ़ गए तो रॉनी ने उनसे बिदा ली, वह बस को जाते हुए और दूर पर ओझल होते हुए देखता रहा. माउसहोल गाँव बस का चौथा स्टॉप था.

जब वह अपनी बाईक को धकेल कर वापस जा रहा था, वह रुक गया.

वहाँ...

एक दूसरी, लन्दन जाने वाली बस में, जो अभी खडी थी, वही, क्रोशिये की बुनी हुई टोपी वाला आदमी बैठा था. आज टोपी का रंग दूधिया था, उस पर भूरी लाईनें थी. ये वो ही था! शक की गुंजाइश ही नहीं थी.

रॉनी ने अपना कैमरा निकाला और दो-एक इधर-उधर की तस्वीरें खींचने के बाद, यह दिखाने के लिए कि इस लडके को फोटोग्राफी में दिलचस्पी है, उसने उस आदमी की फोटो खींची.

उसने कैमरा अपनी जेब में सरका दिया और बस की तरफ गया. उसके चहरे के भाव इस प्रकार के थे, मानो किसी किशोर को बसों में दिलचस्पी हो.

उसकी उम्मीद को मानो प्रतिसाद देते हुए उस आदमी ने उसे पुकारा.

“हैलो, बच्चे! तुम वही तो नहीं हो, जिसे मैंने कल सुबह किसी कीड़े को ताकते हुए देखा था?

कुछ देर रॉनी ने ऐसे दिखाया जैसे उसे पहचाना न हो और फिर वह चिल्ल्लाया:

“ओह, हाँ! आपने मुझे उस भुतहा घर के बारे में चेतावनी भी दी थी. हाँ, मैंने उस कीड़े का पता लगा लिया...उसे ‘एमेराल्ड मॉथ’ कहते हैं. उसका लार्वा बेहद ख़ूबसूरत होता है, हरे रंग का आधार और लाल-भूरे धब्बे...”

टोपी वाले आदमी को कीड़ों और उनके डिज़ाइनों में कोई दिलचस्पी नहीं थी. मगर रॉनी खुश था कि उसके चहरे पर शक का कोई चिह्न नज़र नहीं आ रहा था.

“क्या तुम फिर से कीड़ों को ढूँढने के लिए वहाँ जाने वाले हो?” उसने पूछा.

रॉनी ने एक मासूम मुस्कान से उसकी और देखा,

“ओह, कभी नहीं. क्योंकि आपने मुझे उस घर के बारे में चेतावनी दी थी और मुझे भूतों से डर लगता है. मैं तो उस रास्ते पर एक किताब लेने गया था. अब मैं दोस्त को वह किताब वापस करने के लिए दूसरे रास्ते से जाने का विचार कर रहा हूँ.” वह साँपों वाली किताब का ज़िक्र कर रहा था, जो उसने दोस्त से ली थी...

आदमी काफी शांत नज़र आ रहा था, और उसने कहा,
“अच्छा
, बच्चे. बाय!”

घर की ओर लौटते हुए रॉनी हल्के-हल्के सीटी बजा रहा था.

टोपी वाला आदमी लन्दन जाने वाली बस में था. उसे मालूम था कि बस को लन्दन पहुँचने में पाँच घंटे लगेंगे.

“पता नहीं, वह लन्दन जा रहा है, या रास्ते के किसी गाँव में,”  वह दुविधा में था. उस आदमी की कोई बात उसे परेशान कर रही थी.
क्या उसकी दाढी
? या उसके लम्बे बाल?

रास्ते में वह अल्विया से मिला जो अपनी बाईक पर दो बास्केट्स ले जा रही थी, जिनमें ब्रेड, बिस्किट्स और छोटे-छोटे केक थे, जिन्हें वह अपनी मम्मी के ग्राहकों को देने जा रही थी. क्योंकि छुट्टियों के दिन थे, इसलिए वह सुबह ये काम करती थी.

दोनों ने अपनी बाईक्स रोकीं, और रॉनी काफी उत्तेजना से टोपी वाले आदमी के बारे में बताने लगा.

“काश, मैं उसे एक बार देख सकती,” अल्विया ने कहा.

रॉनी ने जेब से डिजिटल कैमरा निकाला.

“अल्वी, मेरे पास उसकी फोटो है,” उसने कहा और कुछ ही पल में उसे टोपी वाले आदमी की तस्वीर फोटो दिखाई.

उसने फोटो पर नज़र डाली और चहकी,

“ओह, ये तो मिस्टर विल्सन हैं! मैं उन्हें जानती हूँ.”
“क्या
?” रॉनी चहका. वह भौंचक्का रह गया.

“तुम इसे जानती हो?

“हाँ और ना. बात ऐसी है रॉनी. वह मम्मा के नियमित ग्राहकों में से एक है. वह सप्ताह में तीन बार ब्रेड खरीदता है, और अभी मैं उसके घर ताज़ी बनी हुई ब्रेड देने जा रही हूँ.” 

“आह! ये बड़ी दिलचस्प बात है! क्या तुम मुझे उसके बारे में कुछ और बता सकती हो, अल्वी?

“ठीक है, रॉनी. मेरा ख़याल है कि वह कुंआरा है. उसके छोटे से घर की सफाई करने एक नौकरानी हफ्ते में तीन बार आती है. एक बूढ़ी औरत वहाँ रहती है, वह घर का इंतज़ाम करती है और उसके लिए खाना पकाती है. जेनी – ये उसका नाम है – साठ साल से ऊपर की होगी, झुर्रियों से भरी मगर तंदुरुस्त. आह! रॉनी....बहुत मीठे स्वभाव की है. सर्दियों में कभी कभी वह मुझे बुलाकर गर्म-गर्म चॉकलेट देती है. वह रिटायर्ड नर्स है, यूरोप में काम कर चुकी है वगैरह, वगैरह.”

“बढ़िया बात है! क्या तुम इस आदमी से मिल चुकी हो? उससे बात कर चुकी हो?

“हाँ, रॉनी. मैं उससे तीन-चार बार मिल चुकी हूँ. उसने दो बार मेरे हाथों से ब्रेड ली थी और मुझसे बात की थी. वह मेरी मम्मी की ब्रेड की तारीफ़ कर रहा था...कि ब्रेड बड़ी स्वादिष्ट है, वगैरह. मगर अक्सर जेनी दरवाज़ा खोलती है. उनका एक प्यारा टिबेटन कुत्ता है, शित्जु, और हो सकता है कि वह उस कुत्ते को पापा के क्लिनिक में ले जाता हो, मुझे पक्का पता नहीं है. मिस्टर विल्सन अक्सर घर ही में रहते हैं, कुछ न कुछ करते रहते हैं. कभी कभी जेनी धीमे से कहती है, “मास्टर घर में हैं, अपने कमरे में काम कर रहे हैं.”

रॉनी कुछ सोचने लगा.

“क्या तुम किसी तरह उसके कमरे में जा सकती हो?” उसने अल्वी से पूछा.

“देखती हूँ, रॉनी. आज मैं कुछ देर रुकूँगी और जेनी से बातें करूंगी, खासकर, जैसा तुम कह रहे हो कि वह लन्दन वाली बस में गया है, तो मैं उससे बातें कर सकती हूँ.”

“तब जल्दी जाओ, अल्वी. ब्रेड आखिर में देना और कुछ जानकारी पाने की कोशिश करना. वैसे, उसका घर है कहाँ?” उसने पूछा.

“वह रास्ता पता है ना, जहाँ तुम्हारे फुटबॉल कोच मिस्टर डंकन रहते हैं? मिस्टर विल्सन बस वहीं, दो घर छोड़कर रहते हैं. वहाँ एक बड़ा पार्क भी है, जहाँ लोग शाम को अपने पालतू जानवरों को लाते हैं. यहाँ अक्सर बूढ़े लोग आते हैं और बतियाते हैं. मैंने वहाँ किसी जवान आदमी को नहीं देखा. और वहाँ सिर्फ उसीके घर में मैं हफ्ते में तीन बार ब्रेड देने जाती हूँ. मम्मा के बस तीन नियमित ग्राहक है, जो ब्रेड का ऑर्डर देते हैं. मम्मा ब्रेड के मुकाबले में ज़्यादातर कुकीज़ और केक्स ही बनाती हैं.” 

“मुझे याद आया. कुछ महीने पहले मैं इस रास्ते पर सिर्फ एक बार गया था – मिस्टर डंकन से कुछ यूनिफॉर्म्स लेने. जब तक बहुत ज़रूरी न हो, मुझे वहाँ जाना अच्छा नहीं लगता, क्योंकि उनके पास खूब सारी बिल्लियाँ और कुत्ते हैं. उनका घर किसी ज़ू जैसा है. छिः! बहुत बदबू आती है.” रॉनी ने घिन से नाक ऊपर चढ़ाई.

“ठीक है, रॉनी. मैं जेनी से कुछ जानकारी हासिल करने की कोशिश करूंगी. अब मुझे जाना चाहिए.”

अल्विया अपनी बाईक पर चल दी और दो-तीन घरों में कुछ कप-केक्स और ब्राउनीज़ देकर मिस्टर विल्सन के घर की और लपकी .

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अध्याय ३

अल्विया कुछ खोजबीन करती है

          

अल्विया को देखकर जेनी बेहद खुश हो गई.

“आओ, मेरी प्यारी बच्ची, मैं तुम्हारा इंतज़ार कर रही थी. आह!! इस गार्लिक ब्रेड की खुशबू वाकई में लाजवाब है.” जेनी उसे भीतर ले गई और रोवर, छोटा-सा कुत्ता उसे देखकर खुशी से भौंका. उसे मालूम था कि वह उसके लिए भी कुछ बिस्किट्स लाई है.

उसने छोटी वाली बास्केट से बिस्किट निकालकर उसे खिलाये. रोवर ने फुर्ती से उन्हें गटक लिया और बाहर गार्डन में खेलने के लिए भाग गया.

“मास्टर चैटम गया है और रात को वापस लौटेगा. उसने कहा है, कि डिनर के लिए वह सिर्फ थोड़ा सूप और गार्लिक ब्रेड लेगा. दोपहर में उसका बढ़िया लंच लेने का इरादा था. उसे, बेशक नींद की ज़रुरत है. वह बहुत काम करता रहा है,” उसने बास्केट से ब्रेड निकालते हुए कहा.

“क्या तुम ‘बोर नहीं हो जातीं, जेनी? अकेले यहाँ रहते हुए और कहीं बाहर न जाते हुए?” अल्विया ने ऐसा दिखाते हुए पूछा जैसे वह बहुत फिक्रमंद हो.    

“ओह, नहीं, मेरी बच्ची. हरेक गर्मी के मौसम में मास्टर छुट्टी पर जाता है, और मै रोवर को लेकर एक महीने के लिए अपनी भतीजी के पास चली जाती हूँ. मेरी भतीजी के बच्चे रोवर से बहुत प्यार करते हैं, मेरे हाथ का खाना भी उन्हें बेहद पसंद है.”

जेनी इस ख़याल से बहुत खुश नज़र आ रही थी.

आज वह बेहद “बतियाने” के मूड में थी.

उसके चहरे की हर झुर्री मुस्कुरा रही थी.

“बेशक, मास्टर हर महीने तीन दिन दिनों के लिए डोवर जाता हैं, और मुझे अपनी शॉपिंग के लिए समय मिल जाता है. नौकरानी, जो घर की सफाई करने के लिए आती है, रोवर के खाने का ध्यान रखती है. मैं उसके लिए भी कुछ पका देती हूँ, मगर मैं बाहर ही खाती हूँ और आईसक्रीम भी लेती हूँ और थोड़ी बहुत शॉपिंग करती हूँ. मुझे आईसक्रीम बहुत पसंद है. इस मौके का फ़ायदा उठाकर मैं अपनी एक पुरानी दोस्त से भी मिल लेती हूँ, जो बीमार पडी है, और उसके साथ कुछ समय बैठकर पुराने दिनों को याद करती हूँ, जब हम नर्स का काम करते थे.” जेनी बड़ी ख़ूबसूरत लग रही थी, खुशी ने उसके चहरे को रंग दिया था.  

अल्विया मुस्कुराई. “बहुत अच्छी बात है, जेनी. मुझे खुशी है कि तुम्हें अपने लिए थोड़ा खाली वक्त मिल जाता है. और कभी-कभी लोगों से मिलते रहना अच्छी बात है. मेरी दादी भी हर महीने के आख़िरी शुक्रवार को अपनी दोस्तों से मिलने जाती है और वे किसी एक के घर में पूरा दिन बिताती हैं. अच्छा है. तो, मिस्टर विल्सन डोवर जाते हैं, है ना?

“हाँ. हर महीने की छब्बीस तारीख को, वह अपने फ्रेंच दोस्त मिस्टर फ़्रेन्कोइज़ के साथ जाता है, जो उन्हें लेने के लिए आता है. वे ब्रेकफास्ट के बाद निकलते है और मैं कोई स्वीट भी बना लेती हूँ. उस फ़्रेन्कोइज़ को मीठा बहुत पसंद है. मैं रास्ते के लिए थोड़ा मीठा भी पैक कर देती हूँ. उनका वहाँ कोई  बिज़नेस है और मास्टर कार में एक सूटकेस रख देता है, और वे निकल पड़ते हैं, सिर्फ २९ तारीख को वापस लौटने के लिए.”

“बढ़िया बात है, जेनी. अरे, २६ तारीख को तो बस तीन ही दिन बचे हैं! तो मैं तुमसे २७ को मिलूंगी कुछ गार्लिक ब्रेड और क्रीम कैंडीज़ लाऊंगी. कैण्डीज़ घर पे हैं. जब तुम अपनी दोस्त से मिलने जाओगी तो साथ में ले जाना और दोनों मिलकर खाना. तुम्हारा मास्टर अच्छा आदमी मालूम होता है.”

“ये तो बड़ी प्यारी बात है, मेरी बच्ची. मास्टर बहुत उदार है और मुझे अच्छी तनख्वाह देता है. मैं उसके पास दो साल से हूँ और वह एक अच्छा इंसान है. अपने काम से काम रखता है और कहीं भी नहीं जाता. उसके पास भी कोई नहीं आता. वह हर शाम को रोवर को घुमाने के लिए ले जाता है. बस इतना ही!”

अल्विया तेज़ी से पैडल मार रही थी, वह काफी उत्तेजित थी और यह जानकारी रॉनी के साथ बांटना चाहती थी.

मिस्टर विल्सन तीन दिनों के लिए बाहर जाने वाले थे. वह तीन दिनों के लिए दूर रहेंगे और इससे जांच के लिए लिए काफी समय मिल जाएगा. बड़ी कुशलता से प्लान्स बनाने होंगे और उन्हें अमल में लाना होगा.

वह उस भुतहा घर में ऐसा क्या करता होगा, जिससे वह रॉनी को दूर रखने की कोशिश कर रहा था?    

डरावनी आवाजों वाला कैसेट उसके भीतर कुतूहल उत्पन्न कर रहा था. तो, वह किन्हीं ख़ास रातों को कैसेट चलाया करता, जिससे लोग दूर रहें. आह! उसने यह भ्रम पैदा किया है कि यह घर भुतहा है. अब उसे पता चला कि उसका एक साथी भी है – मिस्टर फ़्रेन्कोइज़. दोनों क्या कर रहे थे? बेशक कोई  गलत काम .

उसके भीतर की आवाज़ कभी गलत नहीं होती थी. उसके दिमाग में अलार्म ‘ट्रिंग, ट्रिंग’ किये जा रहा था और उसे यकीन था कि वह सही राह पर है.

रॉनी के गेट के सामने रुककर उसने बाईक की घंटी बजाई.

रॉनी की मम्मा मार्था बाहर आई.

:ओह! अल्विया. रॉनी अपने फुटबॉल फ्रेंड डेविड के घर गया है और सिर्फ लंच पर ही वापस लौटेगा. कोई ख़ास बात बतानी है?

“आह!! कुछ नहीं, मार्था आंटी. मैं शाम को आ जाऊंगी. मैं उस प्रोजेक्ट के बारे में कुछ पूछना चाहती थी जो हमें करना है.”

उसने बाईक को धकेला और घर की और चली गई, कुछ निराश सी.

डॅलिया किसी के जन्मदिन के लिए केक बनाने में व्यस्त थी और वह खुद जाकर उसे पहुँचाने वाली थी.

अल्विया को सिवा इसके कुछ नहीं करना था कि कोई किताब लेकर पढ़ने लगे.

उसने भूगोल की किताब निकाली और महासागर की धाराओं के बारे में पढ़ने लगी.

जल्दी ही लंच का समय हो गया और वह डाइनिंग टेबल सजाने में डॅलिया की मदद करने किचन में गई. डग्लस रोज़ दोपहर को लंच के लिए घर आया करते और उनके साथ हंसी-मज़ाक की कोई कमी नहीं थी.

अल्विया लगातार रोवर के बारे में बोले जा रही थी और उसने डग्लस पूछा कि क्या मिस्टर विल्सन उसे क्लिनिक में लाते हैं.

“हाँ, अल्वी. उस कुत्ते को दो-तीन बार लाये थे बदहज़मी के कारण. उसे अण्डों से परहेज़ है. उम्मीद है कि तुम उसे बहुत सारे केक के टुकडे नहीं खिलाती हो. बेहद खिलंदड़ा और मजेदार कुत्ता है. मिस्टर विल्सन उस कुत्ते से बहुत प्यार करते हैं.”

अल्विया ने विषय बदल दिया जिससे कोई शक न पैदा हो जाए.

डग्लस एक बकरी के बारे में मजेदार ‘केस के बारे में बताने लगे जिसे अक्सर बदहज़मी हो जाया करती है, और जिसे लगभग हर हफ्ते एक किसान लेकर आता है.

“या तो बकरी को गाडी में जाने का शौक है या फिर वह वाकई में बीमार है. खैर, मैंने उसे कुछ दिनों तक खाने में ‘बेकिंग सोडा देने की सलाह दी है. अब किसान और बकरी ने आना बंद कर दिया है!”

“बेकिंग सोडा? क्या बात है डग,” डॅलिया हंसने लगी. “हो सकता हो, वह अपने पेट में केक्स पकाती हो, हा,हा,हा.”

एक झपकी लेने के बाद डग्लस क्लिनिक चले गए और डॅलिया ने भी कपडे बदल लिए.

“मैं केक देने जा रही हूँ, अल्वी और बच्चे की मम्मा के साथ कुछ समय भी बिताऊंगी. मैं करीब एक घंटा बाहर रहूँगी.”

“ठीक है, मम्मा. रॉनी यहाँ आने वाला है और हम उस प्रोजेक्ट के बारे में चर्चा करने वाले हैं, जो हमें स्कूल खुलने के बाद जमा करना है.”

“मुझे खुशी है, अल्वी कि कम से कम एक बार तो तुम कहानियों की किताबें पढ़ने में अपना वक्त बर्बाद नहीं करोगी.”

पोर्च बहुत ख़ूबसूरत था, सिरपेचे की बेल दीवार के एक कोने में लटक रही थी. डॅलिया और डग्लस को गार्डनिंग का बेहद शौक था और उन्होंने बरामदे के पास गुलाब के पौधे लगाए थे. सभी रंगों के गुलाब खिलते थे और गर्मियों में उनके आसपास तितलियाँ उड़ती हुई दिखाई देती थीं. पैन्सी, जरबेरा और डेहलिया भी थे. डेजी के फूलों की तो बहार थी.

घर के पीछे कुछ सेव और नाशपाती के पेड़ थे. सेव के पेड़ों में बहार आने लगी थी और नाशपाती के पेड़ फूलों से लादे थे. लगता था कि इस साल फलों की अच्छी फसल होने वाली है.

छोटा दरवाज़ा चरमराया और स्क्विगी को कंधे पर बिठाए रॉनी भीतर आया.

नन्हा जानवर अल्विया को देखते ही नीचे कूदा और खुशी खुशी पिछले आँगन में भागा. अल्विया चिल्लाई, “तू सेब के फूलों के साथ गड़बड़ न करना. इस साल हमें बहुत सारे सेवों की ज़रुरत है.”

चेरीज़ के फल अगस्त में आते हैं और आलूबुखारे जुलाई में.

“मैंने सोचा कि तुम अपने पीछे वाले आँगन के सेव के पेड़ की किसी टहनी पर बैठी किताब पढ़ रही होगी.” रॉनी ने उसके पास बैठते हुए कहा.

“ मैं तुम्हें बहुत सारी बातें बताना चाहती हूँ, रॉनी. मैंने सोचा कि मैं आधे घंटे बाद तुम्हारे घर आऊँगी, मगर फिर सोचा कि मार्था आंटी ने तुम्हें बता दिया होगा कि मैं तुम्हें पूछते हुए आई थी.”

“हाँ, मम्मा ने बताया कि तुम सुबह आई थीं और होम वर्क प्रोजेक्ट के बारे में कुछ बात करना चाहती थी. मगर मुझे मालूम था कि ये गप है,” वह हंसा. “अब मुझे बताओ कि मिस्टर विल्सन के यहाँ क्या हुआ?

 

    

अध्याय ४

रॉनी और अल्विया प्लान्स बनाते हैं

   

अल्विया ने रॉनी को जेनी के साथ हुई पूरी बातचीत सुना दी.

रॉनी बीच में कोई भी सवाल पूछे बिना ध्यान से सुनता रहा.

“तो, मिस्टर विल्सन तीन दिन बाहर रहेंगे? पता है, अल्वी, मैंने खेत के मज़दूर रॉजर से भुतहा घर के बारे में पूछा था. उसने बताया:

“मास्टर रॉनी, मैं कभी भी उस तरफ नहीं जाता. कभी-कभी वहाँ से डरावनी आवाजें आती हैं. असल में किसी को भी उस अभिशप्त जगह के बारे में कुछ जानने की उत्सुकता ही नहीं है. पुलिस को भी नहीं. पागलपन है! मैंने सुना था कि साल भर पहले एक छोटा बच्चा जो वहाँ घूम रहा था परेशानी की हालत  में वापस आया! कह सकते हैं, करीब-करीब पागलपण की हालत में.” रॉनी ने कहा.

“मतलब, यहाँ के लोगों को यकीन है कि वह जगह भुतहा है. मगर तुमने मिस्टर विल्सन को उस जगह के पास देखा था. ठीक है, हम जाँच करेंगे कि वह कर क्या रहा है. अगर मुझे उसकी अनुपस्थिति में उसके कमरे में जाने का मौक़ा मिला, तो अच्छा होगा. मैं २७ तारीख का इंतज़ार कर रही हूँ,” अल्विया ने कहा.

“हो सकता है, मैं भी कुछ छान-बीन कर लूं. हाँ, वहाँ झांककर यह देखने के लिए कि क्या चल रहा है,  तीन दिन का समय काफी है,” रॉनी ने कहा.

“क्या तुम्हें भूतों से डर नहीं लगता?” अल्विया ने पूछा.

“हा. “भूत” तो अब मेरे पास है. अच्छा हुआ कि स्क्विगी ने चालाकी से कैसेट पार कर लिया. सोच रहा हूँ, कि किसी की नज़र पड़े बिना मैं वहाँ कैसे जाऊंगा. मुझे कोई प्लान बनाना होगा. सिर्फ यही बात, कि मिस्टर विल्सन वह डरावनी धुनें चलाते है, साबित करती है कि वह कोई गलत काम कर रहे हैं.”

“शायद ड्रग्स? उस घर में पैकिंग करके डोवर-कोस्ट से उन्हें कहीं पहुँचाते हों? शायद ‘बोट’ से?

“नहीं, अल्वी. ‘बोट्स’ से संदेह उत्पन्न हो सकता है. याद है वह मॉडल कैरोलीन? हमने उस जहाज़ में ‘नेकलेस केस सुलझाया था? अरे, उसने हमें उस कैली के फैशन-शो में बुलाया था. मम्मा ने उसके लिए  कॉस्टयूम डिजाइन करके बनाया था ?”

“बेशक, रॉनी. हमें भी इन्वीटेशन मिला था, मगर मैंने ‘स्टोरी राईटिंग कॉम्पिटीशन’ में नाम लिखवाया था और मैं उसे छोड़ नहीं सकती थी.”

“हाँ. तुम्हें पहला इनाम भी मिला था, मुझे याद है. और कैरोलीन ने हमारे हाथ तुम्हारे लिए छोटा-सा गिफ्ट भी भेजा था.”

“हाँ, करीब साल भर से ऊपर हो गया, मगर उस क्रूज़-शिप की याद अभी भी ताज़ा है,” अल्विया ने कहा.

“तो, मुझे अभी उसकी याद क्यों आई? सोचो, हम डोवर से कैली तक फैरी में गए थे. इंग्लिश चैनल अत्यंत व्यस्त जल-मार्ग है, अल्वी. हो सकता है, वे दोनों – मिस्टर विल्सन और वो – फ्रेन्कोइज़ – फैरी से भी सफ़र करते हों. खैर, हम जल्दी ही इस बारे में पता लगा लेंगे.” रॉनी काफी आश्वस्त लग रहा था.

“जब हम सचमुच में पता लगा लेंगे कि क्या हो रहा है, तब हम शायद मिस्टर थॉमस को इस बारे में बता सकेंगे. इस बारे में अभी से बात करना ठीक नहीं होगा. क्योंकि, हो सकता है कि कुछ भी न हो रहा हो.” अल्विया ने कहा.

थोड़ी देर बातें करके रॉनी चला गया.

वह कुछ देर खड़े होकर सोचती रही कि क्या करे. उसने सोचा कि वह थोड़ी सी कुकीज़ बनाकर अपनी मम्मा को चकित कर देगी.

और कुकीज़ बनाते हुए उसका दिमाग शांत हो गया. वह चाह रही थी कि मिस्टर विल्सन और जेनी के बारे में न सोचे.

उसे ताज्जुब हो रहा था कि कहीं जेनी भी तो इसमें शामिल नहीं है...क्या कहते हैं उसे...हाँ, धोखा धडी में. हाँ, कहीं जेनी भी तो धोखाधड़ी में विल्सन और फ़्रेन्कोइज़ के साथ शामिल नहीं थी.

मगर यह असंभव था. उसका हमेशा मुस्कुराता चेहरा और खुशमिजाजी और गर्मजोशी ये दिखाते थे कि जेनी निर्दोष है. मगर, कुछ कहा नहीं जा सकता, अल्विया ने सोचा.

उसने फ़ौरन फोन पर आसान-सी चॉकलेट कुकीज़ बनाने का तरीका प्राप्त कर लिया और सारी सामग्री इकट्ठा कर ली. ओवन तैयार था और उसे मालूम था कि आटा, मक्खन, शक्कर और चॉकलेट पावडर कहाँ है. वह आटा. शक्कर और बेकिंग पावडर को मिलाने में व्यस्त हो गई और जल्दी ही मिस्टर विल्सन और फ़्रेन्कोइज़ और भुतहा मकान के बारे में भूल गई.

कुकीज़ की खुशबू ललचा रही थी, उसने उन्हें ठंडा होने के लिए डाइनिंग टेबल के ऊपर रख दिया और अपने कमरे में चली गई.

उसने पढ़ने के लिए एक किताब उठाई.

अगाथा क्रिस्टी की “और फिर वहाँ कोई न था”, जिसे पिछले हफ्ते डग्लस उसके लिए अपनी लन्दन ट्रिप से लाये थे. ये लेखिका का सबसे ज़्यादा लोकप्रिय उपन्यास था जिसकी दस लाख से ज़्यादा प्रतियां बिक चुकी थीं, और अल्विया उसे पढ़ने के लिए बहुत उत्सुक थी.

उसे समय का ध्यान ही नहीं रहा और एक घंटा बीत भी गया, और पता ही नहीं चला कि डॅलिया वापस आ गई थी.         

उसने अपनी मम्मा की प्रसन्न आवाज़ सुनी और किताब बंद की.

“हेल्लो अल्वी डियर...कुकीज़ कितनी लजीज़ दिख रही हैं! कितनी प्यारी बात...तुम्हें कुकीज़ बनाने का ख़याल कैसे आया?

उसने अपनी हैट उतारी और छतरी कमरे के एक कोने में रख दी.

 
“मम्मा
, मैंने सोचा कि आपको ‘सरप्राइज़ दूंगी. एक चखो और अपनी सच्ची राय दो,” अल्विया ने मम्मा को बाँहों में लेते हुए कहा.

डॅलिया ने एक टुकड़ा लेकर मुँह में डाला.

“ज़बर्दस्त! मुझे पता है, तुम्हारे पापा को भी बेहद पसंद आयेंगी,” उसने एक टुकड़ा बेटी की और बढाते हुए कहा.

उसने अपने हाथ धोये और चाय बनाने के लिए केतली गैस पर रख दी.

“कल मैं बहुत व्यस्त रहने वाली हूँ, अल्वी. मुझे ब्रेड के दो ‘लोफ़ ‘बेक करने हैं और कुछ मफिन्स भी.  मुझे यकीन है कि मिस्टर विल्सन मेरी गार्लिक ब्रेड की राह देख रहे होंगे. वो हमेशा उनकी तारीफ करते हैं, ऐसा उनकी ‘हाउस कीपर जेनी कहती है. मुझे याद है कि पिछले क्रिसमस को उन्होंने मुझे सफ़ेद गुलाबों का ‘बुके भेजा था. इस सबके लिए... मैं उनसे कभी मिली भी नहीं हूँ.”

“मुझे याद है. और पापा ने कहा था कि जब वो तुम्हारी ब्रेड और दूसरे मफिन्स और केक्स खाता होगा तो उसे शायद अपनी माँ की याद आती होगी,” अल्विया ने कहा.

डॅलिया रात के खाने की तैयारी करते हुए बातें करती रही. डग्लस छः बजे तक घर आ जायेंगे और आम तौर पर सब लोग साढे सात बजे डिनर करने बैठ जाते हैं.

उसने सोचा कि वह कुछ ‘मीट’ भून लेगी और दो सब्ज़ियाँ बना लेगी – डग्लस का पसंदीदा खाना. कल के डिनर का थोड़ा सा यॉर्कशायर पुडिंग बचा था और बेशक, अल्विया की कुकीज़ भी तो हैं.

“मम्मा, मैं जेनी के लिए कुछ कुकीज़ ले जाने के बारे में सोच रही हूँ. उसे मीठा पसंद है, उसने बताया था. और शकरकंदी का एक टुकड़ा भी. रोवर को शकरकंदी बेहद पसंद है. कुत्तों को चॉकलेट नहीं खाना चाहिए, जेनी ने कहा था. ताज्जुब है, क्यों.”          

”कहते हैं कि चॉकलेट से कुत्ते मर भी सकते हैं वे कुत्तों के लिए ज़हर के सामान होते हैं.” डॅलिया ने कहा.

“मम्मा, मैं अपने कमरे में जा रही हूँ,” उसने किचन से निकलते हुए कहा. उसे उस अध्याय को पूरा करना था जो वह पढ़ रही थी और कोई गाना गुनगुनाते हुए वह अपने कमरे में गायब हो गई.

 

 

 

 

 

 

अध्याय ५

भुतहे मकान में

ग्रौज़र अपने एक दोस्त से मिलने के लिए लन्दन जाने वाले थे, जो न्यूजीलैंड से आया था और अगले हफ्ते ब्लूम्सबरी आकर परिवार के साथ दो दिन रुकने वाला था.

मार्था भी उनके साथ जा रही थी क्योंकि उसे कुछ धागे और ड्रेस मटीरियल खरीदना था. उन्होंने रॉनी को अपने साथ चलने के लिए काफी मनाया मगर लडके के कुछ और ही प्लान्स थे.

वह गुप्त रूप से भुतहे घर में जाने का इंतज़ार कर रहा था.

“पापा, मुझे स्कूल खुलने से पहले प्रोजेक्ट पूरा करना है और मेरे पास सिर्फ एक हफ्ता है. मैं यहीं पर इंतज़ार करूंगा और अपने दोस्तों और अल्विया के साथ कुछ सन्दर्भ कार्य करूंगा. वह उन्हें यकीन दिलाने में कामयाब हो गया था.

मार्था और ग्रौज़र ने उस पर अपने साथ आने के लिए जोर नहीं डाला.  

मार्था ने सोचा कि वह काफी बड़ा हो गया है और अपना खाना गर्म कर सकता है, अपना ख़याल रख सकता है.

जब मम्मी-पापा ग्रौज़र की कार में लन्दन के लिए निकल गए, तो रॉनी ने ब्रेकफ़ास्ट के लिए कुछ ब्रेड गर्म की और अपने लिए ठंडा बनाना-मिल्कशेक बनाया.

उसने एक हरी प्रिंटेड कमीज़ पहनी जो हरियाली का छलावा पैदा करेगी और बैकपैक तैयार किया जिसमें उसका छोटा-सा डिजिटल कैमरा, दो-तीन गत्ते के डिब्बे (जिनमें से एक में एक भूरे रंग का खटमल था, जिससे कि अगर कोई उस घर के पास सवाल करे तो), कुछ कपडे के टुकडे, अपनी सुरक्षा का हथियार – स्विस चाकू जो पिछले साल उसके चाचा ने उपहार में दिया था, एक पेंसिल और दो कागज, एक छोटी डायरी और पुराने दस्तानों की एक जोड़ी रख ली. वह भुतहे घर की ओर निकल पडा.      

रास्ते पर ज़्यादा लोग नहीं थे, क्योकि ज़्यादातर लोग ईस्टर-परेड देखने गए थे.

सूरज काफी गरम था, मगर बारिश के आसार नज़र आ रहे थे, क्योंकि पहाड़ियों के पास बादलों का जमाव देखा जा सकता था.

रॉनी बिना किसी से टकराए घर के पिछवाड़े तक पहुँच गया.

वहाँ सिरपेचे की बेल थी जो परदे की तरह पिछले दरवाज़े को ढांके हुए थी और रॉनी देख सकता था कि दरवाज़े पर ताला लगा हुआ था. वह उसके पास नहीं गया क्योंकि ताले से छेड़छाड करने या बेल का परदा हटाने से मिस्टर विल्सन को शक हो सकता था. सीने तक ऊपर आई झाड़ियों और जंगली घास को दूर हटाते हुए उसने किसी दरवाज़े की तलाश में घर का चक्कर लगाया.

एक तहखाने की खिड़की थी तो, मगर रॉनी तहखाने के रास्ते से घर में घुसने से हिचकिचा रहा था. अगर धूल से ढँकी हुई कांच की खिड़की खुली नहीं तो वापस लौटने में मुसीबत हो सकती है. ज़्यादातर तहखानों में किचन से होकर सीढ़ी जाती है और रॉनी को शक था कि सीढ़ी के ऊपर वाला दरवाज़ा खुला होगा या नहीं. कुछ लोग तहखाने में कोयला जमा करके रखते थे, जिसका वे सर्दियों में इस्तेमाल करते थे.        

उसने तहखाने वाली छोटी खिड़की को खोलने का ख़याल छोड़ दिया.

रॉनी को ज़्यादा देर तलाश नहीं करनी पडी.

घर के बाईं ओर एक छोटा दरवाज़ा था जो एक कमरे की बाहर निकलती हुई दीवार के पीछे छुपा हुआ था. ये दरवाज़ा शायद गार्डन की ओर जाता था, क्योंकि यहाँ तीन सीढियां थीं, यह गुलाब की झाड़ियों से सुरक्षित था मगर वे सूख चुकी थीं.

उसने दस्ताने निकालकर पहन लिए. वह उँगलियों के निशान नहीं छोड़ना चाहता था.

उसने दरवाज़े को धकेलने की कोशिश की.

गज़ब हो गया!

कुछ कोशिश के बाद चरमराते हुए दरवाज़ा खुल गया.      

अपनी जेब से पेन्सिल टॉर्च निकालकर रोशनी फेंकते हुए रॉनी कमरे में घुसा. ये किसी बच्चे का कमरा था. वहाँ एक पलंग था जिस पर बेहद पुराना, धूल से अटा गद्दा था. फर्श पर एक गुडिया औंधे मुँह पडी थी. फर्श पर कुछ ड्रेसेस बिखरी थीं.

ऐसा लगता था, मानो उन लोगों ने बच्चे के साथ बेहद जल्दी में घर छोड़ा था. बच्चे के हाथ से प्यारी गुडिया गिर गई होगी. उसने एक और दरवाज़ा देखा और उसे धक्का दिया.

बाप रे!

जो कुछ उसने देखा उससे वह भौंचक्का रह गया.

ये था ....

इस्तेमाल किया जा रहा कमरा.   

यहाँ दो गद्देदार कुर्सियां और तीन मेजें थीं, कुछ डिब्बे भी थे, जो एक दूसरे के ऊपर रखे हुए थे.

जालीदार खिड़की के पास एक मेज पर छोटा-सा टेप-रेकॉर्डर रखा था. अब उस कैसेट का रहस्य खुल गया था, जो स्क्विगी लाया था. बगल में छः-सात कैसेट्स पड़े थे और मिस्टर विल्सन ने इस गायब हुए कैसेट को ढूँढने की कोई कोशिश नहीं की होगी. असल में, उसे उस कैसेट की याद भी नहीं आई होगी.

दूसरी मेज़ पर एक छोटी पोर्टेबल मशीन रखी थी. रॉनी को ताज्जुब हो रहा था कि यह मशीन किसलिए है, तभी उसने मेज़ के नीचे से कोई चीज़ बाहर निकलते हुए देखी, जिसका कुछ हिस्सा गंदे कपडे से ढंका था.

उसने झुककर उसे उठा लिया.

उसके होठों से सीटी निकल गई.

ये ‘बैंक ऑफ़ इन्ग्लैंड’ का दस पाउन्ड का नोट था.

पॉलीमर नोट.

शायद, जब विल्सन और फ़्रेन्कोइज़ नोट्स पैक कर रहे थे तो यह नोट गलती से छूट गया होगा और उन दोनों का उसकी और ध्यान नहीं गया.

उसके दिमाग में फ़ौरन एक विचार कौंध गया.

ये दोनों जाली नोट छापते हैं और उन्हें कैली भेजते होंगे.

और हो सकता है, वहाँ से दूसरी जगहों को भी भेजते हों. या जाली नोटों के बदले वास्तविक नोट्स प्राप्त करते हों. या हो सकता है, इनका इस्तेमाल भी होता होगा?

वह उत्तेजित था और उसने कुछ तस्वीरें खींची.

हर मशीन की, नोट की, कैसेट्स की एक-एक.

उसने बोतलों में भरे हुए रंग देखे और उनकी तस्वीर ली.

एक शेल्फ में रखे बढ़िया किस्म के कागज़ ने उसका ध्यान आकर्षित किया.

उसने जितनी संभव थीं, उतनी तस्वीरें खींची और इस बात का ध्यान रखते हुए कि हर चीज़ जैसी थी, वैसी ही दिखाई दे, कमरे से बाहर निकला.   

गार्डन वाला दरवाज़ा, जिससे वह भीतर आया था, अटक गया था और वह भौंचक्का रह गया. वह स्तब्ध हो गया.

“अब मैं  बाहर कैसे निकलूँगा?

उसने चारों और देखा. खुशकिस्मती से एक खिड़की का कांच टूटा हुआ था और वह सावधानी से उसमें से होकर बाहर निकला.

बाहर काफी अन्धेरा हो गया था, क्योंकि सूरज घने बादलों के पीछे छुप गया था और वह किसी नरम चीज़ पर गिरा.

वह चीज़ चिल्लाई.

उसने नीचे देखा कि स्क्विगी उसकी तरफ परेशान नज़रों से देख रहा है.

“ओह, माय गॉड स्क्विगी! तू कब आया?

उसने प्राणी को उठा लिया.

उसने स्क्विगी के लिए एक बाऊल में कुछ मूंगफलियाँ और फल रख दिए थे और चुपचाप घर से निकल गया था ताकि वह उसका पीछा न करे. मगर वह आ गया था. जासूस कहीं का!

रॉनी ने झाड़ियों को दूर हटाया और उसे मेन रोड दिखाई दिया, वह तेज़ी से उस तरफ चलने लगा.

वह कुछ ही कदम चला होगा कि उसने एक आवाज़ सुनी. उसने पलट कर देखा और राहत की सांस ली – ये रॉजर था, फ़ार्म का नौकर.

“हेय! मास्टर रॉनी? कहाँ चले गए थे? मैं तुम्हें ढूंढ रहा था.”   

रॉनी ने एक कार्डबोर्ड का डिब्बा निकाला और उसे सावधानी से खोलकर भूरा खटमल दिखाया.

“मैं अपने स्कूल के प्रोजेक्ट के लिए कुछ मक्खियाँ और खटमल इकट्ठा कर रहा हूँ, रॉजर.” वह मन ही मन भगवान को धन्यवाद दे रहा था.

 रॉजर ने खटमल की और घूर कर देखा.

“ओह, गॉड, मास्टर, बेहतर है कि तुम इस कमीने को यहीं छोड़ दो. यह किसी काम का नहीं है. वह किसी गाय पर बैठ जाता है और उसका खून चूसता है और उन्हें गुस्सा दिलाता है. ये खतरनाक है. उनकी तादाद खूब जल्दी बढ़ती है और गायें कम दूध देने लगती हैं. इसे मुझे दे दो. इसका काम तमाम करना ही बेहतर होगा. मुझे उम्मीद है कि तुम उस भुतहे घर के पास नहीं गए होगे, मास्टर. क्या तुम इन चमगादड़ों को देख रहे हो, ऐसे उड रही हैं, जैसे परेशान हों? वह घर भुतहा है, मास्टर. मैं कह रहा हूँ, वहाँ भूत हैं.”  रॉजर ने लडके के हाथ से डिब्बा छीन लिया और तेज़ी से चलते हुए झाड़ियों में ओझल हो गया. रॉनी ने राहत की सांस ली और घर आ गया.

उसके पास अल्विया को बताने के लिए बहुत कुछा था. उसने यह भी तय कर लिया कि फ़ौरन मिस्टर थॉमस को विश्वास में लेना चाहिए. जाली नोट – बहुत गंभीर बात है.

इन्स्पेक्टर जार्डिन की जगह पर एक नया इन्स्पेक्टर आया था, मगर रॉनी ने फैसला कर लिया कि वह जार्डिन को फोन करेगा और हर घटना के बारे में सूचित करेगा.

वह उत्तेजित था.

वह थक गया था.

ये तो खुशनसीबी थी कि रॉजर को खटमल खतरनाक प्रतीत हुआ. उसने चमगादड़ों के बारे में सोचा और मन ही मन हँसा. उसके सुबह वहाँ जाने से वे परेशान हो गए होंगे.

अब, भूतों और चमगादड़ों का डर पूरी तरह गायब हो गया था.

वह अल्विया के फोन का इंतज़ार कर रहा था. वह सोच रहा था कि न जाने मिस्टर विल्सन के घर में उसे क्या-क्या मिला होगा.

 

 

 

 

अध्याय ६

मिस्टर विल्सन के घर अल्वी का दिन कैसे गुज़रा

अल्वी ने अपनी बाईक मिस्टर विल्सन के घर के पास रोकी, वह रोवर को भौंकते हुए सुन सकती थी.

कुछ ही देर में जेनी ने दरवाज़ा खोला और छोटा कुत्ता जोश में अल्विया के चारों और चक्कर लगाने लगा. उसके छोटा-सा ‘बन और शकरकंद का टुकड़ा निकालकर देने तक उससे सब्र ही नहीं हो रहा था.

जेनी ने उससे ब्रेड ली.

“जेनी, मैं तुम्हारे लिए कुछ कैंडीज़ लाई हूँ, ताकि जब तुम अपनी दोस्त से मिलने जाओ तो ले जा सको.”

जेनी का रंग पीला पड़ गया था और वह कुछ कमजोर नज़र आ रही थी, अल्विया ने बड़ी फ़िक्र से उसके गालों और माथे को छुआ.

“लगता है, तुम्हें कुछ बुखार है, जेनी. तुम कुछ टोस्ट और गर्मागर्म चॉकलेट पीकर थोड़ी-सी झपकी क्यों नहीं ले लेतीं? मैं कुछ देर यहाँ बैठ जाऊंगी और जाने से पहले रोवर को खिला दूंगी. तुम अपनी कल की शॉपिंग के लिए फिट हो जाओगी.”

जेनी मुस्कुराई .

“तुम बहुत प्यारी बच्ची हो, अल्विया. मैं ऐसा ही करूंगी. मैं आज सुबह मास्टर का नाश्ता बनाने और उसे बिदा करने के लिए बहुत जल्दी उठी थी. मुझे कुछ देर आंखें बंद करनी ही होंगी.”

उसने किचन में जाकर अपने लिए ताज़ी ब्रेड के दो स्लाईस भूने और गरम चॉकलेट बनाया.

“क्या तुम भी लोगी, डियर?” उसने अल्विया से पूछा.

“नहीं जेनी. मैंने पैनकेक्स खाकर क्रीम के साथ कॉफी पी है. मैं यहाँ बैठकर कुछ देर पढूंगी.”

जेनी ने अपना टोस्ट खाया, गरम चॉकलेट पिया और हौले से आराम कुर्सी में बैठ गई.

“मैंने एक एस्पिरिन ले ली है और कुछ देर सोने के बाद मैं ठीक हो जाऊंगी. तुम सवा ग्यारह बजे रोवर को लंच दे देना और फिर तुम जा सकती हो. वह बहुत जल्दी खाता है. ये महाशय तो हमेशा भूखे ही रहते हैं,” उसने एक पतली चादर ओढ़ते हुए कहा.

कुछ ही देर में उसे गहरी नींद आ गई और अल्विया को उसके हलके खर्राटे सुनाई देने लगे.

रोवर जेनी के पैरों के पास बैठ गया और उसने आंखें बंद कर लीं.

अल्विया चुपचाप मिस्टर विल्सन के कमरे में घुसी.

उसके कमरे में हर चीज़ सफाई से रखी हुई थी. बिस्तर साफ-सुथरा था और सिरहाने से एक बेड-लैम्प लगाया हुआ था.

मेज़ पर कम्प्युटर था. मेज़ की दो दराजें थीं और अल्विया ने उनमें से एक खोली. ‘बिल्स ने उसका ध्यान आकर्षित किया, ये फ्लोरेसेंट-इंक के लिए थे.

बीस लिटर्स वाले द्रव के डिब्बों के लिए बिल्स. इन द्रव वाले डिब्बों का कैसे उपयोग किया जाता होगा?

उसे हल्की-सी याद आई कि जाली नोटों को बनाने के लिए फ्लोरेसेंट-इंक का प्रयोग किया जाता है, मगर पक्का यकीन नहीं था. उसने हौले से बिल्स उठाये और उसे ‘बैंक ऑफ़ इंग्लैण्ड’ का दस पाउंड का नोट दिखाई दिया. उसने जल्दी से उसे वापस रख दिया मगर नोट की उपस्थिति उसे परेशान कर रही थी. वह दुविधा में थी कि ये नोट जाली है या असली. वह पहचान नहीं पाई.

उसने दूसरी दराज़ खोली. इसमें कुछ ख़त थे. सिर्फ ख़त. लिफ़ाफ़े गायब थे.

उन्हें कैली से किसी ऐनी ने लिखा था. इन खतों के नीचे एक लिफाफा था जो कुछ भारी था.

उसने पहले ही से खुले हुए लिफ़ाफ़े से एक ख़त निकाला और उसमें ख़त के साथ एक फोटो भी था.

एक जवान, ख़ूबसूरत लड़की की फोटो. अल्विया ने गौर से उसकी और देखा.

लड़की की शक्ल मिस्टर विल्सन से मिलती जुलती थी. हाँ, होंठ और नाक तो बिलकुल मिस्टर विल्सन के होठों और नाक जैसे थे. वह उत्सुक थी. उसने फुर्ती से ख़त पर नज़र दौडाई.

“मैं तुम्हें चार्लेट की फोटो भेज रही हूँ. अगले चार वर्षों में वह पूरी डॉक्टर बन जायेगी.

मेरा ख़याल है कि हमने काफी पैसा कमा लिया है और अब तुम्हें कैली आ जाना चाहिए. मशीन को नष्ट कर दो और यहाँ आ जाओ, मेरे सबसे प्यारे! हम एक साथ रहेंगे और तुम कोई दूसरा बिज़नेस शुरू कर सकते हो, कोई ईमानदारी का काम. मुझे मालूम है कि तुम्हें उस घर से बेहद लगाव है. मगर हमने उसे छोड़ने का फैसला कर लिया था. और तुम कहते हो, कि अब वह घर ‘भुतहा घर कहलाता है. मुझे मालूम है कि तुम और मेरा भाई उस घर को प्रिंटिंग के कामों के लिए इस्तेमाल करते हो. मगर, कब तक? काश, तुम हमेशा के लिए यहाँ होते. चूंकि अब वह बड़ी हो गई है, चार्लेट सवाल पूछने लगी है...”

ख़त जारी था.

ये एक पहेली थी.

तो, वह मिस्टर विल्सन का अपना घर था?

ऐनी उनकी बीबी थी?

फ़्रैन्कोइज़ – उसका भाई?

और उन्होंने उस घर को छोड़ दिया था?

उसने पता नोट कर लिया. याद रखना आसान था क्योंकि वहाँ लिखा था, “टाऊन हॉल के सामने.” वह एक बंगला था.    

उसने वापस हर चीज़ अपनी जगह पर रख दी, दराज़ बंद की और हैंडल पोंछ दिया.

कोई और बिज़नेस?

तो, जो मिस्टर विल्सन कर रहे थे, वह “बेईमानी” का काम था?

अब अल्विया को कोई शक न रहा कि दस पाउंड का नोट नकली था. क्या वे नकली नोट छापते थे?

उसने एक अलमारी खोली.

वहाँ फ्रेम में एक आदमी, औरत और बच्चे की तस्वीर थी.

तस्वीर में एक कुत्ता भी था – कोली. बच्चा करीब छः साल का था.

उफ़!! ये मिस्टर विल्सन ही तो थे. हाँलाकि उन्होंने अपनी हेयरस्टाईल बदल दी थी और अब एक छोटी सी दाढी भी रखते थे, वह यकीन के साथ कह सकती थी कि ये मिस्टर विल्सन ही थे.

क्या वह यहाँ पाँच साल बाद आये थे? 

जेनी उसके पास पिछले दो साल से काम कर रही थी, ऐसा उसने कहा था. शायद वह उससे भी पहले से किन्हीं काले कारनामों में व्यस्त थे? वह परेशान हो गई.

उसने रोवर को कुछ मछली और चावल खिलाया...कुत्ते को चावल पसंद था...और फिर हौले से सामने वाला दरवाजा बंद करके अपने घर चली गई. जेनी गहरी नींद में थी.

अल्विया के पास रॉनी को बताने के लिए काफी मसाला था. वह उत्तेजित थी. उसे यकीन था कि वह किसी महत्त्वपूर्ण बात तक पहुँची है!

वह डॅलिया और डग्लस का इंतज़ार करते हुए अपनी किताब पढ़ती रही, जब तक उसकी मम्मा न आ गई. डॅलिया ने जल्दी से लंच बनाया और अल्विया ने उसकी मदद करने का फैसला किया.

उसने अपनी भावनाएँ छुपाईं और जितना संभव हो, सामान्य रहने की कोशिश की.

डग्लस आये और वे तीनों लंच के लिए बैठे.

“अच्छा है कि आजकल तुम्हारी ईस्टर की छुट्टियां हैं, अल्वी. तुम भी डाइनिंग टेबल पर हमारे साथ हो. एक बार तुम्हारा स्कूल शुरू हुआ कि तब सिर्फ फिर से मैं और मम्मा ही रहेंगे,” डग्लस ने बीन्स और बटर वाला टोस्ट लेते हुए कहा.

लंच सादा ही था – बीन्स भरे सैंडविच, फिश-चिप्स और सलाद का एक बड़ा बाऊल. ताज़े फल एक बाऊल में रखे थे और एक ऐपल-पाई का स्वीट.

“मम्मा, मैंने पढ़ा है कि फ्रेंच महिलाएं बड़ी ख़ूबसूरत होती हैं. ज़्यादातर अपने वज़न पर अच्छी तरह काबू रखती हैं, ऐसा सुना है.” अल्विया को लग रहा था कि शायद उसे मिस्टर विल्सन की बीबी ऐनी के बारे में कुछ जानकारी मिलेगी.

उसका अनुमान सही था. डॅलिया ने ऐनी के बारे में बात करना शुरू कर दिया.

“ऐनी की याद है, डग्लस? वो, रिचर्ड की बीबी? उनके गायब होने से पहले मैं उससे मार्केट में एक-दो बार मिली थी. वह अपनी छोटी बच्ची को स्ट्रोलर पर लाती थी. ऐनी ख़ूबसूरत और बहुत पतली थी. छोटी बच्ची का नाम था चार्लेट. मुझे अभी भी उस प्यारी बच्ची की याद है, जो अपनी गुडिया को चूमती थी.

मुझे याद है, मैंने फ्रेंच में उस छोटी बच्ची से पूछा था कि उसका नाम क्या है और उसने जवाब दिया था:

‘ चार्लेट. मेरी मम्मा मुझे चैटी कहती है, क्योंकि मैं बहुत बोलती हूँ.’

मैं हँस पडी थी और ऐनी ने कहा था:   

“यह अच्छी अंग्रेज़ी बोलती है. इसके पापा रिचर्ड ब्रिटिश हैं.”

ऐनी और चार्लेट !

 अल्विया ने अपनी भावनाएँ छुपाईं.

‘तो, उसने अपना नाम बदलकर विल्सन रख लिया है, ’ अल्विया ने सोचा.

“जानती हो, डॅलिया, वो मिस्टर विल्सन मुझे रिचर्ड की इतनी याद दिलाते हैं. बेशक, यह आदमी दाढी रखता है, मूंछें भी और लम्बे बाल. मैं रिचर्ड से अपनी क्लिनिक शुरू करने से पहले के सालों में दो-तीन बार मिला हूँ. वह अपने कोली को लाता था और ज़्यादातर मेरे असिस्टेंट ही कुत्तों और पिल्लों को देखते थे, क्योंकि मैं फार्म्स पर जाकर किसानों की बकरियों और गायों को देखता था.

कितनी अजीब बात है कि पापा को समानता की याद आई. और उन्होंने कहा, “कोली”,

“खैर, यह तो किसी को पता नहीं है कि उन्होंने यह जगह क्यों छोडी और वे कहाँ गायब हो गए. घर तो बर्बाद हो गया”. डॅलिया मेज़ साफ़ करने लगी.

“हाँ, अब तो वह ‘भुतहा घर भी कहलाता है.”

डग्लस आराम करने के लिए चले गए. उनकी आदत थी कि चार बजे क्लिनिक जाने के पहले वे एक छोटी सी झपकी लेते थे. मगर उन दोनों ने अल्विया को सोचने के लिए काफी मसाला दे दिया था.

क्या वह उत्तेजित थी? बेशक, वह काफी उत्तेजित थी.

अल्विया ने डग्लस के क्लिनिक जाने तक इंतज़ार करने का फैसला किया. उसके पास रॉनी को सुनाने के लिए काफी कुछ था.

उसे ज़रा भी अंदाज़ नहीं था कि रॉनी भी उसे ‘भुतहे मकान के बारे में ढेर सारी बातें सुनाने का इंतज़ार कर रहा था.

 

अध्याय ७

रहस्य गहराता है

“अल्वी, डियर, रॉनी आया है,” डॅलिया ने बेटी को बुलाया.

वह गुलाब की झाड़ियाँ छाँट रही थी. बेकिंग के अलावा उसे गार्डनिंग का भी शौक था. लोग कहते थे कि उसकी उँगलियों में जादू है, और उसका बोया हुआ हर बीज तंदुरुस्त पौधा बन जाता था और उस पर फलों और फूलों की बहार होती.

“क्या तुम चाय और कुछ बिस्किट लोगे, रॉनी?” डॅलिया ने पूछा, और उसने जवाब दिया,
 “अभी नहीं
, डॅलिया आंटी...आपकी चाय मैं ...आधे घंटे बाद पीना पसंद करूंगा.”

अल्विया बाहर आई और उसे अपने कमरे में ले गई.

‘भुतहे घर’ में अपने कारनामों के बारे में सुनाते हुए रॉनी बेहद उत्तेजित हो गया.

उसने अल्वी को ‘पोर्टेबल करेंसी प्रिंटिंग मशीन’ की और जो कुछ भी कमरे में था उसकी तस्वीरें दिखाईं.

मेजें, रंगों के डिब्बों वाली अलमारियाँ, प्रिंटिंग इंक, कैसेट्स...उसकी नज़रों से कुछ भी छूटा नहीं था.     

अल्विया धीरज और भय से उसकी बातें सुन रही थी और फिर उसने बड़ी स्पष्टता से घटनाओं के बारे में अपना विवरण सुनाया.

रॉनी स्तब्ध रह गया!

“मतलब, “भुतहा घर” उसका अपना ही है? और तुम्हारे मम्मा-पापा उसे रिचर्ड के रूप में जानते हैं?

“हाँ, रॉनी. पापा रिचर्ड और मिस्टर विल्सन के बीच की समानताओं के बारे में बता रहे थे. मगर वो एक सहज बातचीत थी और हम कुछ और बात करने लगे...शुक्र है खुदा का. और मैंने यूँ दिखाया जैसे मुझे इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं है.” अल्विया ने कहा.       

“मेरा ख़याल है कि हमें मिस्टर थॉमस को विश्वास में लेना चाहिए. शायद हम जल्दी ही इस बारे में कुछ कर पायेंगे.” रॉनी ने जवाब दिया और उन्होंने मिस्टर थॉमस से मिलने का फैसला किया.

 रॉनी ने चाय पी और घर में बनाए हुए कुछ बिस्किट खाए, जो डॅलिया ने मेज़ पर सजाये थे.  

“मम्मा, रॉनी और मैं अपनी बाईक लेकर कुछ दोस्तों के साथ लम्बी सैर पर जा रहे हैं और हम घंटे भर में वापस आ जायेंगे. अन्धेरा होने से पहले हम घर आ जायेंगे, मम्मा,” अल्विया ने डॅलिया को मना लिया.

“रॉनी, डियर, तुम हमारे साथ डिनर कर सकते हो. जैसे ही तुम दोनों वापस आओगे, तुम लोग डिनर कर सकते हो. मार्था ने मुझे बताया है कि तुम्हें भुने हुए आलू, शोरवा और पकौड़े पसंद हैं. मैं वही बना रही हूँ.”

दोनों थॉमस के घर जाने के लिए निकल गए.

थॉमस को उन्हें देखकर अचरज नहीं हुआ क्योंकि दोनों ही कभी-कभी उससे मिल लिया करते थे. अल्विया कभी कभी उसके लिए कुकीज़ या ब्राउनीज़ लाया करती थी.

उसने उन्हें अंदर लिया.

“तुम लोग खुशकिस्मत हो, बच्चों कि मैं यहाँ हूँ. मैं कल सुबह लन्दन के लिए निकलने का प्लान बना रहा था. इन्स्पेक्टर जार्डिन ने मुझे लंच पर बुलाया है, परसों, और मैंने सोचा कि मैं एक दिन पहले जाकर कुछ शॉपिंग कर लूँगा और अपने एक पुराने दोस्त से भी मिल लूँगा,” उसने कहा और उनसे बैठने के लिए कहा.      

अल्विया ने रॉनी की और देखा.

“लगता है, हम सही वक्त पर आये हैं, रॉनी. अंकल थॉमस जार्डिन अंकल को हर चीज़ विस्तार से बता सकते हैं. बेशक, तुम मेल से उन्हें तस्वीरें तो भेजोगे ही. तुम उन्हें ‘भुतहे घर और अपनी खोजों के बारे में बताओ और फिर मैं घटनाओं का अपना ब्यौरा दूंगी. ये बेहतर होगा, क्योंकि जो मैं बताऊंगी, उससे अंकल थॉमस निश्चित ही बेहद चौंक जायेंगे.”  

थॉमस ने रॉनी की बात बड़ी दिलचस्पी से सुनी और बीच बीच में वे आश्चर्य से विस्मय प्रदर्शन भी कर रहे थे.

उन्हें जाली नोट छापने की मशीन की तस्वीरें देखकर बड़ा धक्का लगा. उन्होंने दस पाऊंड वाला जाली नोट लिया और उसे रोशनी के सामने पकड़ा. वे कुछ मिनट तक उसे घुमा-घुमाकर घूरते रहे और बोले:

“रॉनी....ये जाली नोट लग रहा है. खैर, जार्डिन ज़्यादा अच्छी तरह समझता है.”

रॉनी ने कहा:

“अंकल, अब अल्विया की बात सुनिए - जेनी के बारे में और मिस्टर विल्सन के कमरे में चुपचाप की गई उसकी अपनी खोजबीन के बारे में.”

अल्विया ने दराज़ में रखे हुए बिल्स के बारे में बताया जो इंक खरीदने से संबंधित थे और विल्सन की वास्तविक पहचान का चौंकाने वाला रहस्य भी बताया.

मिस्टर थॉमस भौंचक्के रह गए. कमरे में तनाव भरी खामोशी छाई थी, अल्विया ने अपनी बात जारी रखी.

“मेरे पापा ने यूँ ही टिप्पणी कर दी मिस्टर विल्सन और उस रिचर्ड के बीच समानता के बारे में. मेरी मम्मा ने ऐनी और चार्लेट का ज़िक्र किया. उनके कुत्ते, एक कोली को, मेरे पापा के क्लिनिक में ले जाया जाता था, जब वे सिर्फ एक असिस्टेंट के साथ दो कमरों में काम चलाते थे, इस क्लिनिक को बनाने से पहले. अंकल थॉमस, क्या आपको याद आता है, कि आपने कभी इस आदमी, रिचर्ड को देखा हो?

“नहीं, अल्विया. मैं सिर्फ चार साल पहले ही ब्लूम्सबरी आया हूँ. जार्डिन को मैं उससे भी पहले से जानता हूँ. मगर रिचर्ड परिवार उससे भी काफी पहले गायब हो गया था. जब मैं ब्लूम्सबरी आया था, तो दूधवाला, नौकरानी और पोस्ट ऑफ़िस के कुछ पुराने सिक्युरिटी गार्ड्स भुतहे मकान और कभी-कभी रात को सुनाई देने वाली डरावनी आवाजों के बारे में बातें कर रहे थे. मैंने ज़्यादा ध्यान नहीं दिया. ईमानदारी से, मैं भूतों से थोड़ा सा डरता हूँ. असल में, इस तरह छोड़ दिए गए घरों में घुसना अभी भी गैरकानूनी समझा जाता है.” थॉमस झिझकते हुए मुस्कुराया.

अल्विया ने उन्हें दूसरी दराज़ में मिले ख़त और तस्वीर के बारे में और दस पाउन्ड वाले नोट के बारे में भी बताया.

“तस्वीर में उस कुत्ते, कोली, की मौजूदगी ने हर बात की पुष्टि कर दी.”          

“गोंश! इस फ़्रेन्कोइज़ ने अपनी हर महीने की यात्रा में हज़ारों पॉलिमर शीट्स के बंडलों की तस्करी की होगी. क्योकि डाकखाने से पार्सल भेजने पर कस्टम्स क्लियरेंस की आवश्यकता होती है. मुझे याद है जब मैं इस सज्जन, विल्सन को डाक दिया करता था. चूंकि मैं डाक-टिकट इकट्ठा करता हूँ, मैं बड़ी दिलचस्पी से डाक के लिफाफों को देखता और उन सुन्दर फ्रेंच डाक-टिकटों की सराहना करता... किसी पर नक्शे की तस्वीर, किसी पर आयफेल टॉवर की, और बेशक, सुप्रसिद्ध मोना लीसा की. ओह गॉड! तुम बच्चे लोग वाकई में बड़ी मछली पकड़ने वाले हो. मुझे याद है कि जार्डिन मुझे बताया था कि जाली नोटों का काला बाज़ार चलता है, और कुछ कैफे मालिकों ने उससे शिकायत की थी कि उनके रेस्टारेंट में कभी-कभी तीन-चार जाली नोट आ जाया करते थे. वह तफतीश तो कर रहा है, मगर अभी तक उसे कोई सुराग नहीं मिला है.”

कुछ मिनट शान्ति रही और थॉमस ने फिर से कहा:

“मेरा खयाल है, कि मैं सीधे जार्डिन के घर जाकर उससे मिलूंगा. जितनी जल्दी ये विल्सन और फ़्रेन्कोइज़ गिरफ्तार होंगे, उतना ही अच्छा होगा.

उस घर की तलाशी लेनी होगी और वहाँ की सारी चीज़ें पुलिस को अपने कब्ज़े में ले लेनी चाहिए. कैली में उस समय गिरफ्तारियां करना बेहतर होगा, जब विल्सन वहाँ मौजूद हो. हमें किसी तरह कैली का पता प्राप्त करना होगा.”

अल्विया ने फ़ौरन कहा,

“उसकी फ़िक्र करने की ज़रुरत नहीं है, अंकल थॉमस. मैंने भेजने वाले के पते पर नज़र दौडाई थी और वहाँ लिखा था – कॉटेज नं. १८९०, टाउन हॉल के सामने. मुझे नंबर इसलिए याद है, क्योंकि यह अगाथा क्रिस्टी के जन्म का वर्ष है. उसका जन्म १५ सितम्बर १८९० को हुआ था.”

“आह! इससे काम काफी आसान हो गया है. जार्डिन मिस्टर सेबस्टाइन को फोन कर सकता है – तुम्हें, बेशक, उसकी याद है? वह कैली का पुलिस अफसर, जिसने बेकरी पर छापा मारा था, जब वहाँ अण्डों के नीचे छुपाकर पैकेट्स में नशीली दवाएं भेजी गई थीं? ठीक है, फ्रेंच पुलिस कल सुबह गिरफ्तारियां कर सकती है. मैं सोचता हूँ, कि मैं यहीं रुक जाता हूँ और जार्डिन के लन्दन से लौटने का इंतज़ार करता हूँ. उसके बाद ब्लूम्सबरी के पुलिस इन्स्पेक्टर और कुछ अन्य अफसरों द्वारा उस घर पर छापा मारा जा सकता है. यहां आने के बाद जार्डिन इन्स्पेक्टर से बात कर सकता है. रॉनी, मैं इन फोटोग्राफ्स को ‘अपलोड’ करके मेल से जार्डिन को भेज देता हूँ, जिससे कि वह खुद भुतहे मकान का अंदरूनी भाग देख ले. यहाँ काफी सबूत हैं, यह दिखाने के लिए इस मकान में जाली नोट छापे जाते हैं. हाँ, आपराधिक गतिविधियाँ चल रही हैं.”

“जेनी को बहुत बड़ा धक्का पहुंचेगा,” अल्विया ने फ़िक्र से कहा.

“कुछ नहीं कर सकते. आखिर अंडे को बिना तोड़े तो ऑमलेट नहीं बन सकता. हमें वहाँ भी जाना चाहिए, और मिस्टर विल्सन के कमरे को सील करना होगा, खासकर वह ख़त, जिसमें लेडी ऐनी और बच्ची की फोटो है.”

रॉनी के कैमरे से तस्वीरें थॉमस के लैपटॉप पर अपलोड की गईं, जिसके बाद दोनों अल्विया के घर गए.

“कभी सोचा भी नहीं था – दूर-दूर तक कोई अंदाज़ नहीं था – कि बात ऐसा मोड़ ले लेगी, अल्वी. ये उस ‘जूम्ड’ फोटोग्राफ से और स्क्विगी के कैसेट लाने से शुरू हुआ था!” रॉनी कह रहा था. स्क्विगी रॉनी के कंधे पर बैठकर चीं-चीं कर रहा था, जैसे वह सब समझा रहा हो.

“बेचारी जेनी. वह मिस्टर विल्सन के बर्थडे पर, और क्रिसमस पर उसके लिए एक-एक कैप बनाती है. पता नहीं, अब वह अपने गुज़ारे के लिए क्या करेगी.” अल्विया की आवाज़ में दुःख का पुट था. उसे जेनी अच्छी लगने लगी थी.

“मैंने अपनी मम्मा को रोजर से कहते हुए सुना था कि एक हाउसकीपर ले आये, जो कभी-कभी किचन का काम भी संभाल ले. मेरा ख़याल है कि इस काम के लिए जेनी ठीक रहेगी...मतलब, अगर वह चाहे तो. रोवर को तो कोई भी घर मिल जाएगा. यहाँ कुत्तों को पसंद करने वाले बहुत से लोग हैं. क्यों, रोजर भी उसे अपने घर ले जा सकता है,” रॉनी ने कहा.

मार्था को ड्रेस-मेकिंग के बहुत सारे ऑर्डर मिल रहे थे और कभी-कभी उसे किचन के लिए किसी की ज़रुरत पड़ती थी. जेनी तो ग्रौज़र परिवार में बहुत खुश रहेगी.

दिमाग में कई सारे ख़याल लिए वे अल्विया के घर पहुंचे.

 

 

 

 

 

 

अध्याय – ८

भुतहा घर

“थैंक्यू रॉनी, तुम्हारी बदौलत आज मुझे प्यारे-प्यारे भुने हुए आलू मिल रहे हैं,” डग्लस ने एक और चमकता आलू लेते हुए कहा.

“चलो भी, डग. जैसे कि मैं कभी भुने हुए आलू बनाती ही नहीं हूँ. लो, रॉनी कुछ और लो.” डॅलिया ने बाउल उसकी तरफ बढाते हुए कहा.

“तुम्हारी मम्मा ने कुछ देर पहले फोन किया था. वे ब्लूम्सबरी के पास पहुंच रहे हैं और आधे घंटे में यहाँ पहुँच जायेंगे. मैंने उससे कह दिया है कि तुम हमारे साथ डिनर कर रहे हो.”

रॉनी ने एक और भुना हुआ आलू और दो पकौड़े लिए.

“बहुत मजेदार है, आंटी. मेरे लिए इतना काफी है. आव! मेरा पेट भर गया. बिलकुल गले-गले तक.” वह उठ गया और अपनी प्लेट लेकर वाश-एरिया की और गया.

“तो, क्या खबर है रॉनी? क्या तुमने प्रकृति-प्रेमी से फिर कुछ सुना? क्या तुम इन गर्मियों में भी कोई जंगल देखने जा रहे हो?

डग्लस ने ठन्डे पानी का घूँट पीकर नैप्किन से अपना मुँह पोंछा.

रॉनी ने अल्विया की और देखा और मुस्कुराया. वह डग्लस की और मुड़कर बोला,
“अंकल. मैं और अल्वी आपको और आंटी को बहुत दिलचस्प कहानी सुनाने जा रहे हैं. मुझे यकीन है कि आप दोनों को अचरज होगा
, आप शायद चौंक भी जाएँ.”

डग्लस ने डॅलिया की ओर देखा और भंवें चढ़ा लीं.

“बेशक, तुम दोनों किसी और बात के पीछे तो नहीं हो? डॅलिया, ग्रौज़र और मार्था को सीधे यहीं आने के लिए कहो,” उसने कहा और सबको ड्राईंग रूम में ले गया.

उसने सामने का दरवाज़ा खुला रखा और रॉनी के पास बैठ गया. डॅलिया ने सोचा कि मेज़ बाद में साफ़ करेगी, और उनके पास आ गई. अल्विया डग्लस के पास कुर्सी पर बैठ गई.

रॉनी अल्विया की और देखकर मुस्कुराया और फिर डग्लस की और मुड गया.  

“हाँ, अंकल. किसी बात की तलाश में नहीं, बल्कि हमने अपनी खोज-बीन सिर्फ चार दिनों में पूरी कर ली है. हम आपको उसके बारे में बताएँगे.”

कदमों की आहट सुनाई दी और मार्था के साथ ग्रौज़र अन्दर आये.

डॅलिया उनका स्वागत करने के लिए उठी और उन्हें आराम से बिठाया.

“आपका बेटा एक और रोमांचक किस्सा सुनाने जा रहा है, मार्था. अच्छा हुआ कि आप ठीक वक्त पर पहुँच गए. क्या तुमने कुछ खाया है? आप लोगों को भूख लगी होगी.”

मार्था और ग्रौज़र बैठ गए और ग्रौज़र ने कहा,

“हम ठीक है, मार्था. हमने एक दोस्त के घर काफी खा-पी लिया, और सोचा कि सिर्फ पॉरिज खाकर सो जायेंगे. तो, रॉनी, तुम और अल्विया क्या करते रहे?  

माता-पिता को जानने की उत्सुकता थी कि हुआ क्या था.

रॉनी ने ऐसा दिखाने की कोशिश की मानो वह बहुत महत्त्वपूर्ण हो और फिर उसने ऐलान किया –

“वह ‘भुतहा मकान’ बिलकुल भी भुतहा नहीं है, उसे जाली नोट छापने के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है. डरावनी आवाजें कैसेट में रेकॉर्ड की गई थीं, जिससे उत्सुक लोग दूर रहें.”

 रॉनी की बात सुनकर चारों स्तब्ध रह गए.

वे एक दूसरे की तरफ देखने लगे.

किसी ने भी एक भी शब्द नहीं कहा. वे रॉनी के आगे बताने का इंतज़ार करने लगे.

रॉनी ने आगे बताई मिस्टर विल्सन के ‘ज़ूम किये गए फोटो से, उसका उनसे सामना होने की बात और स्क्विगी द्वारा वहाँ से लाये गए कैसेट को सुनने के बाद ‘भुतहे घर में जाने तक का किस्सा.

उसने पोर्टेबल नोट छापने की मशीन के बारे में बताया, उसने हर चीज़ के बारे में बताया जो उसने वहाँ देखी थी.

वह रुका और उसने अल्विया को आगे जारी रखने के लिए कहा.

उसने अपनी खोज-बीन के बारे में बताया.

“जब रॉनी ने मुझे मिस्टर विल्सन का फोटो दिखाया, तो मैं कुछ परेशान हो गई. उसके तीन दिनों के लिए बाहर जाने और जेनी की तबियत कुछ खराब होने की वजह से मैं उसके कमरे को अच्छी तरह तलाशती रही.

बाद में जब आपने (डग्लस की ओर देखते हुए) रिचर्ड और विल्सन के बीच कुछ समानता होने के बारे में कहा, तो मुझे यकीन हो गया. मम्मा ने ऐनी और चार्लेट के बारे में बताया.

तो, सिर्फ रिचर्ड ने अपना नाम बदला था. हम दोनों ने अंकल थॉमस से मिलकर उन्हें फोटोग्राफ्स दिखाने और जो कुछ भी हुआ था, उसके बारे में बताने का फैसला किया. अब तक तो उन्होंने  इन्स्पेक्टर जार्डिन को पूरे मामले से अवगत करा दिया होगा. वह नए इन्स्पेक्टर को नहीं जानते हैं, और हमें यकीन नहीं था कि यहाँ पुलिस स्टेशन में ‘जासूस’ नहीं हैं. हर बात के बारे में सोचना पड़ता है. हम कोई खतरा नहीं मोल ले सकते. तो, ये है सारी बात.”

चारों अचरज और गर्व से बच्चों की ओर देख रहे थे.

“तो, अब क्या होगा?” ग्रौज़र ने पूछा.

“मैं आपको बताऊँगा, मिस्टर ग्रौज़र,” मिस्टर थॉमस ने अन्दर आते हुए कहा.                        

 वे सब थॉमस को देखकर बहुत खुश हो गए.

“उम्मीद है कि मैं दखल नहीं दे रहा हूँ, मिस्टर डग्लस,” वे मुस्कुराते हुए बैठ गए. बच्चों की तरफ देखते हुए उन्होंने आगे कहा:

“हाँ, रॉनी और अल्विया, मैंने मेल से तस्वीरें जार्डिन को भेज दीं और उससे बात भी की. उसे बेहद ताज्जुब हुआ कि तुम दोनों ने एक और गैरकानूनी कारोबार का पर्दाफ़ाश किया है. वह इन जाली नोटों के छापने वालों को ढूँढने की कोशिश कर रहा है – ब्रिटेन में उनकी संख्या काफी है. उसने बताया, मगर वह अब तक दोषियों को पकड़ नहीं पाया है. उसने अभी मेरे यहाँ आने से पहले ही दुबारा फोन किया. उसने मिस्टर सेबस्टाइन को सूचित किया है, जो कल सुबह विल्सन और फ़्रेन्कोइज़ को गिरफ्तार करेंगे. जार्डिन कल सुबह, जितनी जल्दी हो सके, यहाँ पहुंचेगा और उस भुतहे मकान में घुस जाएगा...कई सालों के खौफ को ख़त्म करेगा.”

“आप और जार्डिन ब्रेकफास्ट के लिए क्यों नहीं आ जाते, थॉमस? फिर आप उस घर की तरफ जा सकते हैं,” डॅलिया ने पूछा.

ये तय किया गया कि वे सुबह साढ़े सात बजे डग्लस के घर पर मिलेंगे.

इन्स्पेक्टर जार्डिन और थॉमस, कुछ पुलिस अफसरों और ब्लूम्सबरी पुलिस स्टेशन के इन्स्पेक्टर के साथ पहले विल्सन के घर जायेंगे और उचित सबूत इकट्ठा करके उसके कमरे को सील कर देंगे. उन्हें ये सारे सबूत मिस्टर सेबस्टाइन को सौंपने होंगे.

अल्विया जेनी को वह सब बतायेगी जो हुआ था.

उसके बाद वे भुतहे मकान का ताला तोड देंगे. मतलब, बिलकुल ताला तो नहीं तोड़ेंगे, क्योंकि रॉनी ने एक खुले हुए दरवाज़े का पता लगाया था, उसी से भीतर घुसेंगे.

अपना प्लान बताकर थॉमस अपने घर चले गए, यह वादा करके कि अगली सुबह अपने साथ जार्डिन को लायेंगे.         

“ये खतरनाक बात थी,  रॉनी – भुतहे घर में घुसना! मैं तो चाहता कि कोई मेरे साथ होता,” ग्रौज़र ने कहा, मगर अपने बेटे पर उन्हें गर्व था.

“ऐसा है, ग्रौज़र, उसे पता चला कि उस जगह पर भूत-वूत कुछ नहीं है. वह इंतज़ार न कर सका...बहादुर बच्चा,” डग्लस ने कहा.

“हाँ, पापा,” रॉनी ने कहा, “अगर मैंने मिस्टर विल्सन को पहचाना न होता तो मुझे डर लग सकता था. स्क्विगी का वह कैसेट लाना लाजवाब कारनामा था!”

“और, जेनी के रूप में अल्विया को एक दोस्त मिल गई थी और इसका भी फ़ायदा हुआ,” मार्था ने बच्ची की पीठ थपथपाते हुए कहा.

“हाँ, मार्था आन्टी. और जेनी के सो जाने से मेरे लिए मैदान साफ हो गया. मगर, मैं कितना घबरा गई थी! अब मुझे मिस्टर विल्सन की मेज़ पर मौजूद बण्डल का कारण समझ में आया. वे ज़रूर पॉलिमर शीट्स होंगी.”

“खैर, कल तुम्हारे लिए एक उत्तेजनापूर्ण दिन होगा... बेहतर है कि अब सो जाओ, बच्चों,” डग्लस ने कहा.

रॉनी घर के लिए निकला और ग्रौज़र ने उससे कहा,” तुम कुछ देर सो जाओ रॉनी, हम दोनों आधे घंटे में आते हैं.”

अल्विया ने उन्हें ‘गुड नाईट कहा और अपने कमरे में चली गई अपनी किताब के लिए.                  

“आह! ये बच्चे,”  मार्था ने चिंता से और कुछ गर्व से कहा.

“ये बड़े आश्चर्य की बात है,” डग्लस ने कहा, “कि उन दोनों ने मिलकर जाली नोटों का ‘केस’ सुलझा लिया. हमें उनकी तारीफ़ करनी हूँ होगी.”

“मगर डग, ये खतरनाक था. और ये छोटा सा बच्चा उस घर में घुस गया...” डॅलिया की आवाज़ आई.

“आ..! अब वह छोटा नहीं रहा, डॅलिया डियर. बच्चो के खून में ही साहस है. फिर इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह लड़का है या लड़की.” डग्लस ने कहा.

“तुम्हें यकीन नहीं होगा, मगर मैंने कल रात अल्विया के कमरे में रात के साढे ग्यारह बजे के बाद भी लाईट देखी. वह लिख रही है. शायद कोई किताब हो.” डॅलिया ने कहा.

“शायद यह उसका पहला उपन्यास हो, कोई थ्रिलर. आखिर इन बच्चों ने अब तक पाँच केसेज़ सुलझा लिए हैं,” मार्था ने कहा.

“मैं उसे सबसे पहले पढ़ना चाहूंगी. चलो, मार्था, आज का दिन काफी थकाने वाला रहा, अब मैं सो जाता हूँ,” ग्रौज़र ने कहा और वे दोनों निकल गए.

 

 

अध्याय – ९

लौट आया पुराना प्यारा ब्लूम्सबरी

 

“ मैंने स्टोव पर केतली रख दी है, मैडम मार्था, अल्विया की मम्मा किसी भी समय आ सकती है, है ना?” जेनी ने मार्था से पूछा, जिसने वह स्कर्ट एक और को रख दी, जो वह बना रही थी.

जेनी को ग्रौज़र परिवार से बहुत लगाव हो गया था, हालांकि वह उनके पास दस दिन पहले ही आई थी.

वह रॉनी को बहुत पसंद करती थी और उसने उसके लिए क्रोशिये से गहरे हरे रंग की कैप बनानी शुरू की थी. वो लगभग पूरी हो चुकी थी और वह उस पर एक सफ़ेद सितारा टांक रही थी.  

“जेनी, मेरी ट्रिप के लिए एक कैप बना दो,रॉनी ने उससे कहा था. “गहरे हरे रंग की, क्योकि मैं मिस्टर ऑस्कर के साथ अमेजोन के जंगलों में जाना चाहता हूँ. वैसे, अभी तक कुछ भी पक्का नहीं हुआ है. मगर ये एक अच्छा छलावरण रहेगा.”

उसने मार्था को भी सुझाव दिया था कि वह एक ड्रेस के साथ क्रोशिये की टॉप बना देगी. जेनी एम्ब्रोइडरी के काम में भी बहुत निपुण थी और उसने गुलाबों के नमूने भी दिखाए, जो उसने फ्रेंच नॉट्स से अपने बनाए एक छोटे-से स्कार्फ पर बनाए थे. ये बहुत ख़ूबसूरत लग रहा था. और वह बहुत बढ़िया ‘कुक भी थी.

“जब मैंने दो साल पहले ‘गार्डियन’ में हाउस-कीपर के लिए इश्तेहार देखा, तो मैंने सच में, सोचा कि यह काम मुझे काफी सालों तक व्यस्त रखेगा. मैंने उम्मीद ही नहीं की थी कि मिस्टर विल्सन ऐसा काम करते होंगे, मैडम.” जेनी पहली बार अपना दिल खोल रही थी.

“लोगों को पहचानना मुश्किल है, जेनी. खैर, उन्होंने उसे गिरफ्तार कर लिया है और वह जेल में है. बीबी भी इस गुनाह में शामिल है और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्हें उसकी अलमारी में कई विग्स मिले हैं. इन्स्पेक्टर ने बताया कि वह विभिन्न शो-रूम्स में जाली नोटों से सामान खरीदा करती थी. विग्स उसका रूप बदलने के लिए काम आते थे. उसका भाई फ़्रेन्कोइज़ भाग गया है. मगर पुलिस उसकी तलाश में हैं, और वह जल्दी ही पकड़ा जाएगा.

“अगर उस प्यारी बच्ची, अल्विया, ने उसके कमरे की तलाशी न ली होती, तो ये बातें प्रकाश में ही न आतीं. और आपके बेटे ने ‘भुतहा घर की छान-बीन की,” जेनी ने कहा.

“हाँ, रॉनी का शक सही था, खासकर जब स्क्विगी वह छोटा-सा कैसेट उठाकर लाया था, तबसे उसे यकीन हो गया. शायद, उसके बिना वह उस घर में घुसता ही नहीं,” मार्था ने कहा.

“छोटा मास्टर एक बहादुर लड़का है. और अपने छोटे-से कैमरे से वो तस्वीरें खींचना! उसने मुझे तस्वीरें दिखाई थीं, मैडम. फिर भी इस सब का अफसोस हो रहा है. मास्टर, मिस्टर विल्सन, मेरे प्रति दयालु ही थे.

मगर मुझे ज़रा भी शक नहीं हुआ कि उसके दो चहरे हैं – एक अच्छा और एक बुरा. वह फ़्रेन्कोइज़ तो मुझे ज़रा भी अच्छा नहीं लगता था. मगर मेरी तनख्वाह तो असली नोटों में ही दी जाती थी,” जेनी हंसने लगी.

गेट खुला और डॅलिया अन्दर आई.

जेनी उसका अभिवादन करके चाय बनाने के लिए चली गई.

डॅलिया उसकी और देखकर मुस्कुराई.

“जेनी यहाँ अच्छी तरह बस गई लगती है, मार्था.”

“हाँ, डॅलिया. वह अच्छी है और मुझे खुशी है कि रॉनी उसे यहां ले आया. हमारे पिछले आँगन के अंत में एक अलग कमरा है और वह बहुत खुश है क्योंकि उसके साथ एक स्वतन्त्र बाथ-रूम भी है. उस घर के बारे में क्या हुआ, डॅलिया? रॉनी कह रहा था कि डग्लस उस ‘भुतहा घर’ को खरीदना चाहते हैं.”

“हाँ, डग्लस कानूनी पक्ष पर छान-बीन कर रहे हैं, मार्था. चूंकि वह घर – भुतहा घर – जैसा हम उसे कहते हैं, चार्लेट के नाम पर खरीदा गया था उससे कोई समस्या नहीं होगी, ऐसा कहते हैं. डग्लस उसे खरीद कर वहाँ अस्पताल बनाना चाहते हैं. ये उनके वर्तमान क्लिनिक से काफी बड़ा है. पुलिस ने उस लड़की से भी पूछताछ की, बेचारी! वह निर्दोष है. उसे मालूम नहीं था कि उसके माता-पिता और मामा क्या करते थे! मुझे याद है, जब मैंने उसे बचपन में देखा था.”

रॉनी वह गुडिया उठा लाया, जो उस घर के उसके कमरे में पडी थी और उम्मीद है कि किसी दिन वह उसे गुडिया लौटा देगा. मैंने सुना है कि वह अपनी आंटी के घर चली गई है.”

“हाँ, मार्था, ज़िंदगी तो चलती रहनी चाहिए. किसने सोचा था कि यह छोटी-सी जगह ब्लूम्सबरी ऐसी आपराधिक गतिविधियों का अड्डा बन जायेगी. फिर भी, मुझे उस विल्सन के बारे में अफसोस है. भाई-बहन ने मिलकर उसे अपराधी बना दिया. सुना है, कि वह यहाँ किसी प्रेस में काम किया करता था. मगर मुझे पूरी बात मालूम नहीं है.”

जेनी चाय की ट्रे लेकर आई. चाय के साथ उसने कुछ छोटे केक्स भी रखे थे.

“बैठो, जेनी,” मार्था ने कहा.

“और, आपकी प्यारी बच्ची कैसी है, मैडम?

अल्विया सही थी, जेनी अपने ज़माने में बेहद ख़ूबसूरत रही होगी. अपनी झुर्रियों के बावजूद वह अभी भी ख़ूबसूरत थी.

“वह व्यस्त है, जेनी. मेरा ख़याल है कि उसने अपनी पहली किताब लिखना शुरू किया है, और फिर इम्तेहान भी तो नज़दीक आ रहे है. वह खुश थी कि तुम्हारी भतीजी रोवर को ले गई है. उसे रोवर अच्छा लगता था, और वह खुश है कि रोवर एक प्यार भरे घर में है.”

“हाँ, रोवर अच्छा है. मैं भी उससे बहुत प्यार करती थी. वह बिलकुल सही घर में पहुँचा है. मेरी भतीजी आपकी और यहाँ मैडम की और आपके परिवारों की बहुत तारीफ करती है. मैंने उसे रॉनी और अल्विया के बारे में बताया. उसे भी मिस्टर विल्सन के बारे में सुनकर बहुत आघात पहुँचा. उसीने तो वह इश्तेहार देखा था जिससे मुझे नौकरी मिली थी.”

“खैर, जेनी. बीती बातों को भूल जाओ. तुम खुश हो और यही सबसे महत्त्वपूर्ण है.”

 डॅलिया ने चाय की चुस्की लेते हुए कहा.

रॉनी चिल्लाते हुए आया:

“मम्मा, उन्होंने उसे गिरफ्तार कर लिया, फ़्रेन्कोइज़ पकड़ा गया! वह पेरिस में एम्सटर्डम वाली ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहा था. उसके पास हवाई जहाज़ का एक टिकट था...एम्सटर्डम से ओस्लो का. उसने मिस्टर सेबस्टाइन को चुनौती दी, कि वह जल्दी ही कैली की जेल से भाग जाएगा. मगर मुझे शक है. जल्दी ही उनके ग्राहक भी पकडे जायेंगे और कहानी का अंत हो जाएगा. उन्हें कुछ नाम और ओस्लो का एक पता भी मिला है. जल्दी ही खोज का काम शुरू हो जाएगा.”

“मुझे खुशी है,” जेनी ने कहा, “मेरा ख़याल है कि इस फ़्रेन्कोइज़ ने ही मिस्टर विल्सन को बिगाड़ा है.”

रॉनी ने सह्रदयता से जेनी की और देखा.

“वा, जेनी. मिस्टर विल्सन काफी बड़े हैं, यह समझने के लिए वह क्या कर रहे हैं. उसके भीतर आपराधिक खून है, इस बात से तुम इनकार नहीं कर सकतीं,

“ठीक है. अब जब वे सारे पकडे गए हैं तो हमें आगे बढ़ना चाहिए. हम असली चेहरे और नकली चेहरे के बारे में बात नहीं करेंगे. रॉनी मिस्टर ऑस्कर ने पापा को फोन किया था और इन गर्मियों में तुम्हें अमेज़ोन फोरेस्ट ले जाने का प्लान पक्का कर लिया है और पापा ने इजाज़त दे दी है.” मार्था ने प्यार से मुस्कुराते हुए बेटे से कहा.

“ईईईये! ये तो ग्रेट न्यूज़ है. मैं अभी जाकर अल्विया को बताता हूँ. क्या वह घर में है, आंटी?” उसने डॅलिया से पूछा.

“वह घर में ही है, रॉनी. अपनी किताब लिखने में व्यस्त है. उसे यह खबर सुनकर बहुत खुशी होगी,” डॅलिया ने छोटा सा केक उठाकर खाते हुए कहा.

****

 

 

 

 

 

      

  

                   

     

 

                       

 

 

 

  

     

 

    

 

   

 

No comments:

Post a Comment

सुनहरा अंडा - सम्पूर्ण

  सुनहरा अंडा       लेखिका उषा सूर्या         अंग्रेज़ी से अनुवाद आ. चारुमति रामदास                    ...