Wednesday, 24 August 2022

Chapter 6

 

अध्याय ६

मिस्टर विल्सन के घर अल्वी का दिन कैसे गुज़रा

अल्वी ने अपनी बाईक मिस्टर विल्सन के घर के पास रोकी, वह रोवर को भौंकते हुए सुन सकती थी.

कुछ ही देर में जेनी ने दरवाज़ा खोला और छोटा कुत्ता जोश में अल्विया के चारों और चक्कर लगाने लगा. उसके छोटा-सा ‘बन और शकरकंद का टुकड़ा निकालकर देने तक उससे सब्र ही नहीं हो रहा था.

जेनी ने उससे ब्रेड ली.

“जेनी, मैं तुम्हारे लिए कुछा कैंडीज़ लाई हूँ, ताकि जब तुम अपनी दोस्त से मिलने जाओ तो ले जा सको.”

जेनी का रंग पीला पड़ गया था और वह कुछ कमजोर नज़र आ रही थी, अल्विया ने बड़ी फ़िक्र से उसके गालों और माथे को छुआ.

“लगता है, तुम्हें कुछ बुखार है, जेनी. तुम कुछ टोस्ट और गर्मागर्म चॉकलेट पीकर थोड़ी-सी झपकी क्यों नहीं ले लेतीं? मैं कुछ देर यहाँ बैठ जाऊंगी और जाने से पहले रोवर को खिला दूंगी. तुम अपनी कल की शॉपिंग के लिए फिट हो जाओगी.”

जेनी मुस्कुराई .

“तुम बहुत प्यारी बच्ची हो, अल्विया. मैं ऐसा ही करूंगी. मैं आज सुबह मास्टर का नाश्ता बनाने और उसे बिदा करने के लिए बहुत जल्दी उठी थी. मुझे कुछ देर आंखें बंद करनी ही होंगी.”

उसने किचन में जाकर अपने लिए ताज़ी ब्रेड के दो स्लाईस भूने और गरम चॉकलेट बनाया.

“क्या तुम भी लोगी, डियर?” उसने अल्विया से पूछा.

“नहीं जेनी. मैंने पैनकेक्स खाकर क्रीम के साथ कॉफी पी है. मैं यहाँ बैठकर कुछ देर पढूंगी.”

जेनी ने अपना टोस्ट खाया, गरम चॉकलेट पिया और हौले से आराम कुर्सी में बैठ गई.

“मैंने एक एस्पिरिन ले ली है और कुछ देर सोने के बाद मैं ठीक हो जाऊंगी. तुम सवा ग्यारह बजे रोवर को लंच दे देना और फिर तुम जा सकती हो. वह बहुत जल्दी खाता है. ये महाशय तो हमेशा भूखे ही रहते हैं,” उसने एक पतली चादर ओढ़ते हुए कहा.

कुछ ही देर में उसे गहरी नींद आ गई और अल्विया को उसके हलके खर्राटे सुनाई देने लगे.

रोवर जेनी के पैरों के पास बैठ गया और उसने आंखें बंद कर लीं.

अल्विया चुपचाप मिस्टर विल्सन के कमरे में घुसी.

उसके कमरे में हर चीज़ सफाई से रखी हुई थी. बिस्तर साफ-सुथरा था और सिरहाने से एक बेड-लैम्प लगाया हुआ था.

मेज़ पर कम्प्युटर था. मेज़ की दो दराजें थीं और अल्विया ने उनमें से एक खोली. ‘बिल्स ने उसका ध्यान आकर्षित किया, ये फ्लोरेसेंट-इंक के लिए थे.

बीस लिटर्स वाले द्रव के डिब्बों के लिए बिल्स. इन द्रव वाले डिब्बों का कैसे उपयोग किया जाता होगा?

उसे हल्की-सी याद आई कि जाली नोटों को बनाने के लिए फ्लोरेसेंट-इंक का प्रयोग किया जाता है, मगर पक्का यकीन नहीं था. उसने हौले से बिल्स उठाये और उसे ‘बैंक ऑफ़ इन्ग्लैंड’ के दस पाउंड का नोट दिखाई दिया. उसने जल्दी से उसे वापस रख दिया मगर नोट की उपस्थिति उसे परेशान कर रही थी. वह दुविधा में थी कि ये नोट जाली है या असली. वह पहचान नहीं पाई.

उसने दूसरी दराज़ खोली. इसमें कुछ ख़त थे. सिर्फ ख़त. लिफ़ाफ़े गायब थे.

उन्हें कैली से किसी ऐनी ने लिखा था. इन खतों के नीचे एक लिफाफा था जो कुछ भारी था.

उसने पहले ही से खुले हुए लिफ़ाफ़े से एक ख़त निकाला और उसमें ख़त के साथ एक फोटो भी था.

एक जवान, ख़ूबसूरत लड़की की फोटो. अल्विया ने गौर से उसकी और देखा.

लड़की की शक्ल मिस्टर विल्सन से मिलती जुलती थी. हाँ, होंठ और नाक तो बिलकुल मिस्टर विल्सन के होठों और नाक जैसे थे. वह उत्सुक थी. उसने फुर्ती से ख़त पर नज़र दौडाई.

“मैं तुम्हें चार्लेट की फोटो भेज रही हूँ. अगले चार वर्षों में वह पूरी डॉक्टर बन जायेगी.

मेरा ख़याल है कि हमने काफी पैसा कमा लिया है और अब तुम्हें कैली आ जाना चाहिए. मशीन को नष्ट कर दो और यहाँ आ जाओ, मेरे सबसे प्यारे! हम एक साथ रहेंगे और तुम कोई दूसरा बिज़नेस शुरू कर सकते हो, कोई ईमानदारी का काम. मुझे मालूम है कि तुम्हें उस घर से बेहद लगाव है. मगर हमने उसे छोड़ने का फैसला कर लिया था. और तुम कहते हो, कि अब वह घर ‘भुतहा घर कहलाता है. मुझे मालूम है कि तुम और मेरा भाई उस घर को प्रिंटिंग के कामों के लिए इस्तेमाल करते हो. मगर, कब तक? काश, तुम हमेशा के लिए यहाँ होते. चूंकि अब वह बड़ी हो गई है, चार्लेट सवाल पूछने लगी है...”

ख़त जारी था.

ये एक पहेली थी.

तो, वह मिस्टर विल्सन का अपना घर था?

ऐनी उनकी बीबी थी?

फ़्रैन्कोइज़ – उसका भाई?

और उन्होंने उस घर को छोड़ दिया था?

उसने पता नोट कर लिया. याद रखना आसान था क्योंकि वहाँ लिखा था, “टाऊन हॉल के सामने.” वह एक बंगला था.    

उसने वापस हर चीज़ अपनी जगह पर रख दी, दराज़ बंद की और हैंडल पोंछ दिया.

कोई और बिज़नेस?

तो, जो मिस्टर विल्सन कर रहे थे, वह “बेईमानी” का काम था?

अब अल्विया को कोई शक न रहा कि दस पाउंड का नोट नकली था. क्या वे नकली नोट छापते थे?

उसने एक अलमारी खोली.

वहाँ फ्रेम में एक आदमी, औरत और बच्चे की तस्वीर थी.

तस्वीर में एक कुत्ता भी था – कोली. बच्चा करीब छः साल का था.

उफ़!! ये मिस्टर विल्सन ही तो थे. हाँलाकि उन्होंने अपनी हेयरस्टाईल बदल दी थी और अब एक छोटी सी दाढी भी रखते थे, वह यकीन के साथ कह सकती थी कि ये मिस्टर विल्सन ही थे.

क्या वह यहाँ पाँच साल बाद आये थे? 

जेनी उसके पास पिछले दो साल से काम कर रही थी, ऐसा उसने कहा था. शायद वह उससे भी पहले से किन्हीं काले कारनामों में व्यस्त थे? वह परेशान हो गई.

उसने रोवर को कुछ मछली और चावल खिलाया...कुत्ते को चावल पसंद था...और फिर हौले से सामने वाला दरवाजा बंद करके अपने घर चली गई. जेनी गहरी नींद में थी.

अल्विया के पास रॉनी को बताने के लिए काफी मसाला था. वह उत्तेजित थी. उसे यकीन था कि वह किसी महत्त्वपूर्ण बात तक पहुँची है!

वह डॅलिया और डग्लस का इंतज़ार करते हुए अपनी किताब पढ़ती रही, जब तक उसकी मम्मा न आ गई. डॅलिया ने जल्दी से लंच बनाया और अल्विया ने उसकी मदद करने का फैसला किया.

उसने अपनी भावनाएँ छुपाईं और जितना संभव हो, सामान्य रहने की कोशिश की.

डग्लस आये और वे तीनों लंच के लिए बैठे.

“अच्छा है कि आजकल तुम्हारी ईस्टर की छुट्टियां हैं, अल्वी. तुम भी डाइनिंग टेबल पर हमारे साथ हो. एक बार तुम्हारा स्कूल शुरू हुआ कि तब सिर्फ फिर से मैं और मम्मा ही रहेंगे,” डग्लस ने बीन्स और बटर वाला टोस्ट लेते हुए कहा.

लंच सादा ही था – बीन्स भरे सैंडविच, फिश-चिप्स और सलाद का एक बड़ा बाऊल. ताज़े फल एक बाऊल में रखे थे और एक ऐपल-पाई का स्वीट.

“मम्मा, मैंने पढ़ा है कि फ्रेंच महिलाएं बड़ी ख़ूबसूरत होती हैं. ज़्यादातर अपने वज़न पर अच्छी तरह काबू रखती हैं, ऐसा सूना है.” अल्विया को लग रहा था कि शायद उसे मिस्टर विल्सन की बीबी ऐनी के बारे में कुछ जानकारी मिलेगी.

उसका अनुमान सही था. डॅलिया ने ऐनी के बारे में बात करना शुरू कर दिया.

“ऐनी की याद है, डग्लस? वो, रिचर्ड की बीबी? उनके गायब होने से पहले मैं उससे मार्केट में एक-दो बार मिली थी. वह अपनी छोटी बच्ची को स्ट्रोलर पर लाती थी. ऐनी ख़ूबसूरत और बहुत पतली थी. छोटी बच्ची का नाम था चार्लेट. मुझे अभी भी उस प्यारी बच्ची की याद है, जो अपनी गुडिया को चूमती थी.

मुझे याद है, मैंने फ्रेंच में उस छोटी बच्ची से पूछा था कि उसका नाम क्या है और उसने जवाब दिया था:

‘ चार्लेट. मेरी मम्मा मुझे चैटी कहती है, क्योंकि मैं बहुत बोलती हूँ.’

मैं हँस पडी थी और ऐनी ने कहा था:   

“यह अच्छी अंग्रेज़ी बोलती है. इसके पापा रिचर्ड ब्रिटिश हैं.”

ऐनी और चार्लेट !

 अल्विया ने अपनी भावनाएँ छुपाईं.

‘तो, उसने अपना नाम बदलकर विल्सन रख लिया है, ’ अल्विया ने सोचा.

“जानती हो, डॅलिया, वो मिस्टर विल्सन मुझे रिचर्ड की इतनी याद दिलाते हैं. बेशक, यह आदमी दाढी रखता है, मूंछें भी और लम्बे बाल. मैं रिचर्ड से अपनी क्लिनिक शुरू करने से पहले के सालों में दो-तीन बार मिला हूँ. वह अपने कोली को लाता था और ज़्यादातर मेरे असिस्टेंट ही कुत्तों और पिल्लों को देखते थे, क्योंकि मैं फार्म्स पर जाकर किसानों की बकरियों और गायों को देखता था.

कितनी अजीब बात है कि पापा को समानता की याद आई. और उन्होंने कहा, “कोली”,

“खैर, यह तो किसी को पता नहीं है कि उन्होंने यह जगह क्यों छोडी और वे कहाँ गायब हो गए. घर तो बर्बाद हो गया”. डॅलिया मेज़ साफ़ करने लगी.

“हाँ, अब तो वह ‘भुतहा घर भी कहलाता है.”

डग्लस आराम करने के लिए चले गए. उनकी आदत थी कि चार बजे क्लिनिक जाने के पहले वे एक छोटी सी झपकी लेते थे. मगर उन दोनों ने अल्विया को सोचने के लिए काफी मसाला दे दिया था.

क्या वह उत्तेजित थी? बेशक, वह काफी उत्तेजित थी.

अल्विया ने डग्लस के क्लिनिक जाने तक इंतज़ार करने का फैसला किया. उसके पास रॉनी को सुनाने के लिए काफी कुछ था.

उसे ज़रा भी अंदाज़ नहें था कि रॉनी भी उसे ‘भुतहे मकान के बारे में ढेर सारी बातें सुनाने का इंतज़ार कर रहा था.

No comments:

Post a Comment

सुनहरा अंडा - सम्पूर्ण

  सुनहरा अंडा       लेखिका उषा सूर्या         अंग्रेज़ी से अनुवाद आ. चारुमति रामदास                    ...