Sunday, 21 August 2022

Chapter - 5

  

अध्याय ५

भुतहे मकान में

ग्रौज़र अपने एक दोस्त से मिलने के लिए लन्दन जाने वाले थे, जो न्यूजीलैंड से आया था और अगले हफ्ते ब्लूम्सबरी आकर परिवार के साथ दो दिन रुकने वाला था.

मार्था भी उनके साथ जा रही थी क्योंकि उसे कुछ धागे और ड्रेस मटीरियल खरीदना था. उन्होंने रॉनी को अपने साथ चलने के लिए काफी मनाया मगर लडके के कुछ और ही प्लान्स थे.

वह गुप्त रूप से भुतहे घर में जाने का इंतज़ार कर रहा था.

“पापा, मुझे स्कूल खुलने से पहले प्रोजेक्ट पूरा करना है और मेरे पास सिर्फ एक हफ्ता है. मैं यहीं पर इंतज़ार करूंगा और अपने दोस्तों और अल्विया के साथ कुछ सन्दर्भ कार्य करूंगा. वह उन्हें यकीन दिलाने में कामयाब हो गया था.

मार्था और ग्रौज़र ने उस पर अपने साथ आने के लिए जोर नहीं डाला.  

मार्था ने सोचा कि वह काफी बड़ा हो गया है और अपना खाना गर्म कर सकता है, अपना ख़याल रख सकता है.

जब मम्मी-पापा ग्रौज़र की कार में लन्दन के लिए निकल गए, तो रॉनी ने ब्रेकफ़ास्ट के लिए कुछ ब्रेड गर्म की और अपने लिए ठंडा बनाना-मिल्कशेक बनाया.

उसने एक हरी प्रिंटेड कमीज़ पहनी जो हरियाली का छलावा पैदा करेगी और बैकपैक तैयार किया जिसमें उसका छोटा-सा डिजिटल कैमरा, दो-तीन गत्ते के डिब्बे (जिनमें से एक में एक भूरे रंग का खटमल था, जिससे कि अगर कोई उस घर के पास सवाल करे तो), कुछ कपडे के टुकडे, अपनी सुरक्षा का हथियार – स्विस चाकू जो पिछले साल उसके चाचा ने उपहार में दिया था, एक पेंसिल और दो कागज, एक छोटी डायरी और पुराने दस्तानों की एक जोड़ी रख ली. वह भुतहे घर की ओर निकल पडा.      

रास्ते पर ज़्यादा लोग नहीं थे, क्योकि ज़्यादातर लोग ईस्टर-परेड देखने गए थे.

सूरज काफी गरम था, मगर बारिश के आसार नज़र आ रहे थे, क्योंकि पहाड़ियों के पास बादलों का जमाव देखा जा सकता था.

रॉनी बिना किसी से टकराए घर के पिछवाड़े तक पहुँच गया.

वहाँ सिरपेचे की बेल थी जो परदे की तरह पिछले दरवाज़े को ढांके हुए थे और रॉनी देख सकता था कि दरवाज़े पर ताला लगा हुआ था. वह उसके पास नहीं गया क्योंकि ताले से छेड़छाड करने या बेल का परदा हटाने से मिस्टर विल्सन को शक हो सकता था. सीने तक ऊपर आई झाड़ियों और जंगली घास को दूर हटाते हुए उसने किसी दरवाज़े की तलाश में घर का चक्कर लगाया.

एक तहखाने की खिड़की थी तो, मगर रॉनी तहखाने के रास्ते से घर में घुसने से हिचकिचा रहा था. अगर धुल से ढँकी हुई कांच की खिड़की खुली नहीं तो वापस लौटने में मुसीबत हो सकती है. ज़्यादातर तहखानों में किचन से होकर सीढ़ी जाती है और रॉनी को शक था कि सीढ़ी के ऊपर वाला दरवाज़ा खुला होगा या नहीं. कुछ लोग तहखाने में कोयला जमा करके रखते थे, जिसका वे सर्दियों में इस्तेमाल करते थे.        

उसने तहखाने वाली छोटी खिड़की को खोलने का ख़याल छोड़ दिया.

रॉनी को ज़्यादा देर तलाश नहीं करनी पडी.

घर के बाईं ओर एक छोटा दरवाज़ा था जो एक कमरे की बाहर निकलती हुई दीवार के पीछे छुपा हुआ था. ये दरवाज़ा शायद गार्डन की ओर जाता था, क्योंकि यहाँ तीन सीढियां थीं, यह गुलाब की झाड़ियों से सुरक्षित था मगर वे सूख चुकी थीं.

उसने दस्ताने निकालकर पहन लिए. वह उँगलियों के निशान नहीं छोड़ना चाहता था.

उसने दरवाज़े को धकेलने की कोशिश की.

गज़ब हो गया!

कुछ कोशिश के बाद चरमराते हुए दरवाज़ा खुल गया.      

अपनी जेब से पेन्सिल टॉर्च निकालकर रोशनी फेंकते हुए रॉनी कमरे में घुसा. ये किसी बच्चे का कमरा था. वहाँ एक पलंग था जिस पर बेहद पुराना, धूल से अटा गद्दा था. फर्श पर एक गुडिया औंधे मुँह पडी थी. फर्श पर कुछ ड्रेसेस बिखरी थीं.

ऐसा लगता था, मानो उन लोगों ने बच्चे के साथ बेहद जल्दी में घर छोड़ा था. बच्चे के हाथ से प्यारी गुडिया गिर गई होगी. उसने एक और दरवाज़ा देखा और उसे धक्का दिया.

बाप रे!

जो कुछ उसने देखा उससे वह भौंचक्का रह गया.

ये था ....

इस्तेमाल किया जा रहा कमरा.   

यहाँ दो गद्देदार कुर्सियां और तीन मेजें थीं, कुछ डिब्बे भी थे, जो एक दूसरे के ऊपर रखे हुए थे.

जालीदार खिड़की के पास एक मेज पर छोटा-सा टेप-रेकॉर्डर रखा था. अब उस कैसेट का रहस्य खुल गया था, जो स्क्विगी लाया था. बगल में छः-सात कैसेट्स पड़े थे और मिस्टर विल्सन ने इस गायब हुए कैसेट को ढूँढने की कोई कोशिश नहीं की होगी. असल में, उसे उस कैसेट की याद भी नहीं आई होगी.

दूसरी मेज़ पर एक छोटी पोर्टेबल मशीन रखी थी. रॉनी को ताज्जुब हो रहा था कि यह मशीन किसलिए है, तभी उसने मेज़ के नीचे से कोई चीज़ बाहर निकलते हुए देखी, जिसका कुछ हिस्सा गंदे कपडे से ढंका था.

उसने झुककर उसे उठा लिया.

उसके होठों से सीटी निकल गई.

ये ‘बैंक ऑफ़ इन्ग्लैंड’ का दस पाउन्ड का नोट था.

पॉलीमर नोट.

शायद, जब विल्सन और फ़्रेन्कोइज़ नोट्स पैक कर रहे थे तो यह नोट गलती से छूट गया होगा और उन दोनों का उसकी और ध्यान नहीं गया.

उसके दिमाग में फ़ौरन एक विचार कौंध गया.

ये दोनों जाली नोट छापते हैं और उन्हें कैली भेजते होंगे.

और हो सकता है, वहाँ से दूसरी जगहों को भी भेजते हों. या जाली नोटों के बदले वास्तविक नोट्स प्राप्त करते हों. या हो सकता है, इनका इस्तेमाल भी होता होगा?

वह उत्तेजित था और उसने कुछ तस्वीरें खींची.

हर मशीन की, नोट की, कैसेट्स की एक-एक.

उसने बोतलों में भरे हुए रंग देखे और उनकी तस्वीर ली.

एक शेल्फ में रखे बढ़िया किस्म के कागज़ ने उसका ध्यान आकर्षित किया.

उसने जितनी संभव थीं, उतनी तस्वीरें खींची और इस बात का ध्यान रखते हुए कि हर चीज़ जैसी थी, वैसी ही दिखाई दे, कमरे से बाहर निकला.   

गार्डन वाला दरवाज़ा, जिससे वह भीतर आया था, अटक गया था और वह भौंचक्का रह गया. वह स्तब्ध हो गया.

“अब मैं  बाहर कैसे निकलूँगा?

उसने चारों और देखा. खुशकिस्मती से एक खिड़की का कांच टूटा हुआ था और वह सावधानी से उसमें से होकर बाहर निकला.

बाहर काफी अन्धेरा हो गया था, क्योंकि सूरज घने बादलों के पीछे छुप गया था और वह किसी नरम चीज़ पर गिरा.

वह चीज़ चिल्लाई.

उसने नीचे देखा कि स्क्विगी उसकी तरफ परेशान नज़रों से देख रहा है.

“ओह, माय गॉड स्क्विगी! तू कब आया?

उसने प्राणी को उठा लिया.

उसने स्क्विगी के लिए एक बाऊल में कुछ मूंगफलियाँ और फल रख दिए थे और चुपचाप घर से निकल गया था ताकि वह उसका पीछा न करे. मगर वह आ गया था. जासूस कहीं का!

रॉनी ने झाड़ियों को दूर हटाया और उसे मेन रोड दिखाई दिया, वह तेज़ी से उस तरफ चलने लगा.

वह कुछ ही कदम चला होगा कि उसने एक आवाज़ सुनी. उसने पलट कर देखा और राहत की सांस ली – ये रॉजर था, फ़ार्म का नौकर.

“हेय! मास्टर रॉनी? कहाँ चले गए थे? मैं तुम्हें ढूंढ रहा था.”   

रॉनी ने एक कार्डबोर्ड का डिब्बा निकाला और उसे सावधानी से खोलकर भूरा खटमल दिखाया.

“मैं अपने स्कूल के प्रोजेक्ट के लिए कुछ मक्खियाँ और खटमल इकट्ठा कर रहा हूँ, रॉजर.” वह मन ही मन भगवान को धन्यवाद दे रहा था.

 रॉजर ने खटमल की और घूर कर देखा.

“ओह, गॉड, मास्टर, बेहतर है कि तुम इस कमीने को यहीं छोड़ दो. यह किसी काम का नहीं है. वह किसी गाय पर बैठ जाता है और उसका खून चूसता है और उन्हें गुस्सा दिलाता है. ये खतरनाक है. उनकी तादाद खूब जल्दी बढ़ती है और गायें कम दूध देने लगती हैं. इसे मुझे दे दो. इसका काम तमाम करना ही बेहतर होगा. मुझे उम्मीद है कि तुम उस भुतहे घर के पास नहीं गए होगे, मास्टर. क्या तुम इन चमगादड़ों को देख रहे हो, ऐसे उड रही हैं, जैसे परेशान हों? वह घर भुतहा है, मास्टर . मैं कह रहा हूँ, वहाँ भूत हैं.”  रॉजर ने लडके के हाथ से डिब्बा छीन लिया और तेज़ी से चलते हुए झाड़ियों में ओझल हो गया. रॉनी ने राहत की सांस ली और घर आ गया.

उसके पास अल्विया को बताने के लिए बहुत कुछा था. उसने यह भी तय कर लिया कि फ़ौरन मिस्टर थॉमस को विश्वास में लेना चाहिए. जाली नोट – बहुत गंभीर बात है.

इन्स्पेक्टर जार्डिन की जगह पर एक नया इन्स्पेक्टर आया था, मगर रॉनी ने फैसला कर लिया कि वह जार्डिन को फोन करेगा और हर घटना के बारे में सूचित करेगा.

वह उत्तेजित था.

वह थक गया था.

ये तो खुशनसीबी थी कि रॉजर को खटमल खतरनाक प्रतीत हुआ. उसने चमगादड़ों के बारे में सोचा और मन ही मन हँसा. उसके सुबह वहाँ जाने से वे परेशान हो गए होंगे.

अब, भूतों और चमगादड़ों का डर पूरी तरह गायब हो गया था.

वह अल्विया के फोन का इंतज़ार कर रहा था. वह सोच रहा था कि न जाने मिस्टर विल्सन के घर में उसे क्या-क्या मिला होगा.

No comments:

Post a Comment

सुनहरा अंडा - सम्पूर्ण

  सुनहरा अंडा       लेखिका उषा सूर्या         अंग्रेज़ी से अनुवाद आ. चारुमति रामदास                    ...